Israel-Iran Conflict: ईरान के खिलाफ अमेरिकी बमबारी के बाद तेहरान ने रूस से मदद की गुहार लगाई। इस पर क्रेमलिन का आधिकारिक बयान भी सामने आ गया। रूस ने सोमवार को कहा कि वह ईरान की मदद के लिए तैयार है, यह इस बार पर निर्भर करेगा कि तेहरान उनसे क्या चाहता है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
क्रेमलिन ने क्या कुछ कहा?
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने एक प्रेस ब्रीफिंग में एक सवाल के जवाब में कहा कि सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि ईरान को क्या चाहिए। हमने अपनी मध्यस्थता के प्रयासों की पेशकश की है। यह पक्का है। उन्होंने कहा कि रूस ने ईरान-इजरायल युद्ध पर अपना रुख खुले तौर पर घोषित कर दिया है तथा इसे तेहरान के लिए समर्थन का एक महत्वपूर्ण रूप बताया है।
क्या है रूस का पक्ष?
उन्होंने कहा कि हमने अपना रुख बता दिया है। यह भी एक बहुत ही महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है, ईरानी पक्ष के लिए समर्थन का एक रूप है। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच हाल ही में हुई बातचीत में ईरान एक मुद्दा रहा है। पेसकोव ने कहा कि हाल ही में हुई बातचीत के दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने ईरान के विषय पर बार-बार चर्चा की।
फोर्दो परमाणु स्थल पर फिर हमला
ईरान के फोर्दो स्थित भूमिगत यूरेनियम संवर्द्धन स्थल पर सोमवार को फिर से हमला हुआ। हालांकि, इस हमले में कितना नुकसान हुआ है? अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है और न ही यह बताया गया कि हमला किसने किया। हालांकि, ईरान पर इजरायल लगातार हवाई हमले कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान के तीन परमाणु स्थलों को निशाना बनाकर हमला किया था और उसने इसके लिए 'बंकर-बस्टर' बमों का इस्तेमाल किया था।
