दुनिया

Israel Strikes Hamas Targets: इजराइल का हमास के 450 ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमला, गाजा को दो हिस्सों में किया अलग!

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 6, 2023, 05:24 PM IST

Israel Strikes Hamas Targets: ​इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि वह पिछले 24 घंटों में गाजा पट्टी में व्यापक अभियान चला रहा है और उन्होंने लगभग 450 हमास ठिकानों को निशाना बनाया है।

Image

इजराइल ने हमास के सैकड़ों ठिकानों पर बोला हमला

Photo : AP

Israel Strikes Hamas Targets: इजराइली सेना ने सोमवार को हमास के सैकड़ों ठिकानों पर जबरदस्त तरीके से धावा बोला। एक के बाद ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। इजराइल ने अपने हमलों के दौरान गाजा को दो भाग में बांट दिया है। ताकि हमास का खात्मा जल्द से जल्द किया जा सके।

450 ठिकानों पर हमला

इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि वह पिछले 24 घंटों में गाजा पट्टी में व्यापक अभियान चला रहा है और उन्होंने लगभग 450 हमास ठिकानों को निशाना बनाया है। जिसमें सुरंगें, आतंकवादी ठिकाने, सैन्य सुविधाएं, चौकियां और टैंक रोधी मिसाइल लॉन्च साइट्स शामिल हैं। आईडीएफ ने गाजा के अंदर हमास के एक सैन्य परिसर पर कब्जा करने की भी घोषणा की है।

दो हिस्सों में गाजा

इजराइली सेना ने सोमवार तड़के गाजा सिटी की घेराबंदी कर दी और हमास शासित क्षेत्र के उत्तरी हिस्से को दक्षिणी हिस्से से अलग कर दिया। इजराइली मीडिया ने बताया कि सैन्य बलों के शहर में सोमवार या मंगलवार को घुसने और वर्षों से तैयारी कर रहे आतंकवादियों के सुरंगों के बड़े नेटवर्क का इस्तेमाल कर सड़कों पर लड़ने की संभावना है।

10 हजार से ज्यादा मौत

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस युद्ध में फलस्तीन के 9,700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इजराइल में 1,400 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इन हमलों में गाजा में 15 लाख से अधिक फलस्तीनी विस्थापित हुए हैं। इसके अलावा गाजा में कम से कम 241 लोगों को बंधक बनाया गया है। गाजा में लोग भोजन, दवाइयों, ईंधन और पानी की कमी से जूझ रहे हैं और उन्हें पर्याप्त मानवीय मदद नहीं पहुंच पा रही। उत्तरी गाजा में स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगभग 8,00,000 लोगों ने दक्षिणी गाजा जाने के इजराइली सैन्य आदेशों का पालन किया। बहरहाल, इजराइल ने तथाकथित सुरक्षित क्षेत्र मध्य और दक्षिणी गाजा में भी रविवार को हमले किए, जिनमें कम से कम 53 लोग मारे गए।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article