दुनिया

Israel Attack on Gaza: इजराइली वायुसेना ने गाजा के शरणार्थी शिविर पर गिराया बम, 40 की मौत, 34 घायल

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 5, 2023, 09:42 PM IST

Israel Attack on Gaza: न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार इजराइली लड़ाकू विमानों ने गाजा पट्टी में एक शरणार्थी शिविर पर हमला किया है, जिसमें कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

Image

इजराली सेना गाजा पट्टी में चला रही अभियान

Photo : AP

Israel Attack on Gaza: इजराइल लगातार गाजा पट्टी पर आसमानी और हवाई हमला कर रहा है। इजराइल का कहना है कि वो हमास के खात्म के लिए ये हमला कर रहा है। अब इसी हमले के दौरान इजराइली वायुसेना ने गाजा में एक शरणार्थी शिविर पर हमला कर दिया, जिसमें 40 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 34 लोग घायल हो गए हैं।

अपील को किया अनदेखा

न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार इजराइली लड़ाकू विमानों ने गाजा पट्टी में एक शरणार्थी शिविर पर हमला किया है, जिसमें कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। अमेरिका ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए इजराइल से कुछ वक्त के लिए हमले रोकने की अपील की थी, लेकिन इजराइल का कहना है कि वह गाजा में हमास शासकों को कुचलने के लिए अपने हमले जारी रखेगा।

34 लोग घायल

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-किद्रा ने कहा कि रविवार तड़के मध्य गाजा के मघाजी शरणार्थी शिविर पर हुए हवाई हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए और 34 लोग घायल हो गए। रिहाइशी इलाके में बनाया गया यह शिविर उस निकासी क्षेत्र में स्थित है, जहां इजराइल की सेना ने गाजा में फलस्तीनी नागरिकों से शरण लेने का आग्रह किया था, क्योंकि वह उत्तरी क्षेत्रों में अपने सैन्य आक्रमण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। फलस्तीनी ‘रेड क्रिसेंट’ बचाव सेवा ने कहा कि रविवार को एक अन्य हमले में गाजा शहर में अल-कुद्स अस्पताल के पास एक इमारत ध्वस्त हो गई। उसने एक वीडियो साझा किया, जिसमें चिकित्साकर्मी एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते नजर आ रहे हैं और एक महिला एवं बच्चे उसके पीछे दौड़ रहे हैं।

इजराइल का आरोप

गाजा पर हो रहे हमलों को लेकर इजराइल के रक्षा मंत्री याओव गैलेंट ने कहा कि गाजा सिटी में रह रहा हर व्यक्ति अपनी जान को खतरे में डाल रहा है। इजराइल ने हमास पर आम नागरिकों का मानवीय ढाल के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। हमास के लड़ाकों और उनकी संपत्तियों को नष्ट करने के लक्ष्य से इजराइल ने पूरे गाजा में अपनी बमबारी जारी रखी है।

अबतक कितनी मौतें

गाजा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजराइल-हमास युद्ध में मारे गए फलस्तीनियों की संख्या बढ़कर 9,448 हो गई है। इजराइल में 1,400 से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें से अधिकतर लोगों की मौत सात अक्टूबर को हमास के शुरुआती हमले में हुई। इसी हमले के बाद से यह युद्ध शुरू हुआ है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article