मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इजराइली सेना (IDF) ने दक्षिणी गाजा पट्टी में एक बार फिर बड़ा टार्गेटेड हमला किया है। रविवार को हुए इस हमले में हमास की सशस्त्र शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड के वरिष्ठ सैन्य कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत हो गई है। इजराइली रक्षा बलों ने हमास के शीर्ष सैन्य कमांडर को निशाना बनाने की पुष्टि की, जिसके बाद हमास के आधिकारिक सूत्रों ने भी रॉयटर्स को अबू यूनिस के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। हमास ने बयान जारी कर बताया कि रविवार दोपहर बाद खान यूनिस में अबू यूनिस का जनाजा निकाला जाएगा।
एयर स्ट्राइक में मारा गया कमांडर (सांकेतिक चित्र)
सड़क पर चलते वक्त बनाया गया निशाना
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, 53 वर्षीय समीर अबू यूनिस को दक्षिण गाजा के खान यूनिस स्थित मवासी इलाके में एक सड़क पर निशाना बनाकर सटीक हवाई हमला किया गया। इस एयरस्ट्राइक में अबू यूनिस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद कई अन्य लोग घायल हुए हैं। अबू यूनिस 1991 से अल-कस्साम ब्रिगेड का सक्रिय सदस्य था और उसने रफाह क्षेत्र में कई वरिष्ठ परिचालन भूमिकाएं निभाई थीं। वर्तमान में वह हमास की शक्तिशाली रफाह ब्रिगेड के कमान प्रमुख के रूप में कार्यरत था। सीजफायर के बावजूद नहीं थम रहे हमलेअक्टूबर 2025 में दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्षविराम समझौते के बाद बड़े पैमाने पर भीषण युद्ध तो रुक गया था, लेकिन इजराइली सेना के रणनीतिक हमले और हमास के सैन्य ढांचे पर कार्रवाई पूरी तरह बंद नहीं हुई है। गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक विभिन्न इजराइली अभियानों में कम से कम 1,600 से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इसी अवधि के दौरान झड़पों और अभियानों में इजरायल के 5 सैनिक भी मारे गए हैं।
