Israel Iran Conflict: इजरायल ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने बसीज फ़ोर्स के खुफिया विभाग के प्रमुख इस्माइल अहमदी (Esmail Ahmadi) को मार गिराया है। दरअसल, इजरायल ने तेहरान के मध्य में भीषण हवाई हमले किए जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
ईरान को लगा एक और बड़ा झटका
कौन हैं इस्माइल अहमदी?
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस (AP) के मुताबिक, तेहरान के मध्य में बसिज फोर्ट के वरिष्ठ नेतृत्व पर किए गए एक हमले में खुफिया विभाग के प्रमुख इस्माइल अहमदी के साथ-साथ कई अन्य वरिष्ठ कमांडर भी मारे गए।
इस्माइल अहमदी की भूमिका बेहद अहम मानी जाती थी। वह बसीज फोर्स द्वारा किए गए हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में प्रमुख भूमिका निभाते थे। इससे पहले, ईरान के अली लारिजानी, खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब सहित अन्य शीर्ष नेताओं की मौत हो चुकी है।
बसीज बल के अधिकारियों पर हो रहे ताबड़तोड़ हमले
इजरायल ने इस सप्ताह ईरान के बसीज बल के एक शीर्ष कमांडर को मारने के बाद एक बार फिर बल के निचले स्तर के अधिकारियों को निशाना बनाकर हमले किए। राजधानी तेहरान के आसपास बनी बसीज की विभिन्न चौकियों में से एक को निशाना बनाकर ड्रोन दागा गया। इस साल की शुरुआत में हुए विरोध प्रदर्शनों पर नियंत्रण करने में बसीज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
'दुश्मनों के लिए कोई जगह सुरक्षित नहीं'
इस बीच, ईरान के शीर्ष सैन्य प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि दुनियाभर के ''पार्क, मनोरंजन क्षेत्र और पर्यटन स्थल'' तेहरान के दुश्मनों के लिए सुरक्षित नहीं रहेंगे। जनरल अबोलफजल शेखरची ने शुक्रवार को यह चेतावनी दी, क्योंकि ईरान अमेरिकी और इजराइली हवाई हमलों से लगातार प्रभावित हो रहा है।
इससे इस बात की चिंता फिर से बढ़ सकती है कि जैसे-जैसे युद्ध जारी रहेगा, ईरान दबाव बनाने की रणनीति के रूप में पश्चिम एशिया से बाहर आतंकवादी हमलों का सहारा ले सकता है। ईरानी सरकारी टेलीविजन द्वारा ऑनलाइन प्रकाशित एक बयान में शेखरची ने कहा, ''अब से, आपके बारे में हमारे पास मौजूद जानकारी के आधार पर, दुनियाभर में कहीं भी पार्क, मनोरंजन क्षेत्र और पर्यटन स्थल आपके लिए सुरक्षित नहीं रहेंगे।''
