Israel attack on Lebanon: लेबनान में हिज्बुल्ला के खिलाफ इजराइल ने अपनी कार्रवाई एक बार फिर तेज कर दी है। इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने पूरे लेबनान में हिज्बुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाते हुए 70 से ज्यादा हमले किए हैं। इन हमलों के लिए आईडीएफ करीब 85 हथियारों का इस्तेमाल किया। X पर अपने एक पोस्ट में आईडीएफ ने कहा कि टायर इलाके में हिज्बुल्ला द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे 10 कमांड सेंटर, हथियार भंडारण संयंत्र एवं अन्य बुनियादी संरचनाओं पर हमले किए गए।
लेबनान में इजराइल ने फिर किए हमले।
बेक्का घाटी में हिज्बुल्ला के ठिकानों पर IDF के हमले
आईडीएफ ने आगे कहा कि यही नहीं मोटरसाइकिल से हमले करने वाले हिज्बुल्ला के लड़ाकों को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा बेक्का घाटी में हिज्बुल्ला की संगठन संरचनाओं पर एवं लेबनान के अन्य इलाकों में हमले हुए। अलजजीरा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इजराइल के हवाई हमलों में सात लोगों की जान गई और कई अन्य घायल हुए। रिपोर्ट के मुताबिक मचघराह में हुए हवाई हमले में पांच लोगों की जान गई। यहां हमले में इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा। राहत एवं बचाव टीमें मलबे से लोगों को बाहर निकालते हुए दिखाई दीं।
गाजा पट्टी में भी इजराइल ने किए हमले
गाजा पट्टी के दक्षिणी हिस्से में सोमवार को एक इजराइली हवाई हमले में एक फलस्तीनी महिला और एक छोटी बच्ची की मौत हो गई। कुवैत फील्ड अस्पताल के मुताबिक, यह हमला खान यूनिस के पश्चिमी हिस्से में स्थित मुवासी इलाके में विस्थापित परिवारों के एक तंबू पर हुआ। इसी अस्पताल में शवों और घायलों को लाया गया था। अस्पताल ने बताया कि इस हमले में एक अन्य लड़की भी घायल हुई है। इजराइली सेना ने कहा कि उसने एक चरमपंथी को निशाना बनाया था, लेकिन इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
फलस्तीनियों की मौत का यह ताजा मामला
अक्टूबर में इजराइल और फलस्तीनी चरमपंथी समूह हमास के बीच दो साल से अधिक समय से जारी युद्ध को रोकने के लिए हुए संघर्षविराम समझौते के बाद से गाजा में फलस्तीनियों की मौत का यह ताजा मामला है। हालांकि, अब भीषण लड़ाई थम चुकी है, लेकिन इस कमजोर संघर्षविराम के बीच भी लगभग हर दिन इजराइल की ओर से गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं।
