दुनिया

पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव, इजराइल ने ईरान पर किया हमला; सीरिया, इराक और ईरान ने सभी उड़ानें की रद्द

Israel-Iran War: इजरायल की सेना ने दर्जनों लड़ाकू विमानों से ईरान पर हमला किया। अब ईरान भी इजरायल के इस हमले का जवाब देने की तैयारी में जुट गया है। ईरान की सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने कहा कि ईरान इजरायल के किसी भी आक्रमण का जवाब देने को तैयार है। इजरायल पर बदले की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, सीरिया, इराक और ईरान ने अगली सूचना तक सभी उड़ानों को स्थगित कर दिया है।

Image

पश्चिम एशिया में फिर बढ़ा तनाव

Photo : ANI

Israel-Iran War: इजराइल ने शनिवार तड़के ईरान पर हवाई हमले किए और कहा कि उसने इस महीने की शुरुआत में ईरान द्वारा इजराइल पर दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइल के जवाब में उसके सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। विस्फोटों की आवाज ईरान की राजधानी तेहरान में भी सुनी गईं। हालांकि अभी इस बारे में जानकारी नहीं है कि इन हमलों से कितना नुकसान हुआ। इन हमलों ने दोनों कट्टर शत्रुओं के बीच ऐसे समय में पूर्ण युद्ध का खतरा बढ़ा दिया है जब पश्चिम एशिया में ईरान समर्थित चरमपंथी समूह- गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्ला- पहले से ही इजराइल के साथ युद्धरत हैं।

इजराइली सेना ने शनिवार तड़के ईरान पर किया हमला

इजराइली सेना ने शनिवार को बताया कि उसने ईरान में सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं। हालांकि उसने हमलों के बारे में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। इजराइली सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो संदेश में शनिवार को कहा कि ईरान का शासन और क्षेत्र में उसके समर्थक 7 अक्टूबर से इजराइल पर लगातार हमले कर रहे हैं... जिनमें ईरानी धरती से किए गए सीधे हमले भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के हर अन्य संप्रभु देश की तरह इजराइल को भी जवाब देने का अधिकार है और यह उसका कर्तव्य है।

इस बीच, ईरान की सेना ने शनिवार सुबह कहा कि इजराइल ने उसके इलाम, खुजस्तान और तेहरान प्रांतों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए है जिनमें सीमित क्षति हुई। ईरान के सशस्त्र बलों का यह बयान सरकारी टेलीविजन चैनल पर पढ़ा गया, लेकिन इस दौरान हमलों में हुए नुकसान से जुड़ी कोई तस्वीर नहीं दिखाई गई। ईरान की सेना ने दावा किया कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ने हमलों से होने वाले नुकसान को सीमित कर दिया, हालांकि उसने इस संबंध में कोई अतिरिक्त सबूत नहीं दिया।

सीरिया, इराक और ईरान ने विमान सेवाएं की रद्द

इजराइल ने कहा कि उसने देश में मिसाइल निर्माण संयंत्रों और अन्य स्थलों को निशाना बनाकर हमले किए। उसने कहा कि ईरान में हमले करने के बाद उसके विमान सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। इजराइली सेना ने कहा कि उसके विमानों ने उन मिसाइल निर्माण संयंत्रों पर हमला किया, जिनका इस्तेमाल उन मिसाइलों को बनाने के लिए किया जाता था जिन्हें ईरान ने पिछले साल इजराइल पर दागा था। सेना ने कहा कि ये मिसाइल इजराइल के नागरिकों के लिए सीधा और तत्काल खतरा पैदा करती हैं। उसने कहा कि उसने सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और उन अतिरिक्त ईरानी हवाई क्षमताओं पर भी हमला किया, जिनका उद्देश्य ईरान में इजराइल की हवाई संचालन स्वतंत्रता को प्रतिबंधित करना था। बता दें, इस बीच, सीरिया, इराक और ईरान ने अगली सूचना तक सभी उड़ानों को स्थगित कर दिया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article