दुनिया

गाजा में मौत का तांडव, इजराइल का सबसे घातक हमला, 413 लोगों की मौत, टुकड़ों में बिखरी लाशें

19 जनवरी को युद्धविराम शुरू होने के बाद मंगलवार सुबह की एयर स्ट्राइक इजरायल की ओर से की गई सबसे बडी़ सैन्य कार्रवाई है। इजरायली एक्शन के बाद से अब युद्धविराम के अगले चरणों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच अमेरिका ने कहा कि यहूदी राष्ट्र ने सोमवार को हमले से पहले उसके साथ विचार-विमर्श किया था।

Image

गाजा में इजराइल का बड़ा हमला

Photo : AP

गाजा में इजराइल ने बहुत ही घातक हमला किया है। रमजान के मौके पर किए गए इस हमले में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हमास और इजराइल के बीच युद्धविराम चल रहा था और हाल ही में लोग गाजा में वापस अपने घरों में लौटने लगे थे। अब इजराइल के इस हमले से संघर्ष विराम के पूरी तरह से टूटने की बात कही जा रही है।

इजरायली हवाई हमलों ने मचाई तबाही

गाजा में इजरायली हवाई हमलों ने भारी तबाही मचाई है। घातक बमबारी में 413 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस बीच इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) और इजरायल सुरक्षा एजेंसी (शिन बेट) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि गाजा पट्टी में 'आतंकवादी ठिकानों' पर उनके हमले जारी है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गाजा के हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक एक दिन में सबसे बड़ी संख्या में 413 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय ने कहा कि मरने वालों में कई बच्चे शामिल हैं। हमलों में 562 लोग घायल हुए हैं।

गाजा के कई इलाके खाली करने के आदेश

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि इजरायल 'हमास के खिलाफ सैन्य ताकत बढ़ाकर कार्रवाई करेगा।' बयान में उस पर बंधकों को रिहा करने से इनकार करने और युद्धविराम को आगे बढ़ाने के प्रस्तावों को अस्वीकार करने का आरोप लगाया। हमलें शुरू होने के बाद आईडीएफ ने नए निकासी आदेश जारी किए। लोगों को बेत हनून, खुज़ा, और अबासन अल-कबीरा और अल-जदीदा के क्षेत्रों को छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। एक आईडीएफ प्रवक्ता ने एक्स पर कहा, "उन्हें पश्चिमी गाजा शहर और खान यूनिस में आश्रयों में 'तुरंत' चले जाना चाहिए।"

हमास ने क्या कहा

वहीं हमास ने इजरायल पर 'रक्षाहीन नागरिकों' पर हमला करने का आरोप लगाया। फिलिस्तीनी ग्रुप ने कहा कि मध्यस्थों को युद्धविराम का 'उल्लंघन करने और उसे पलटने' के लिए इजरायल को 'पूरी तरह से जिम्मेदार' ठहराना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चश्मदीदों ने बताया कि हवाई हमलों में गाजा पट्टी के उत्तर से दक्षिण तक के नागरिकों के घर और शिविरों को नुकसान पहुंचा और इजरायली टैंकों ने सीमा रेखा पार कर क्षेत्र में गोलाबारी की।

बंधकों के परिवारों की उम्मीद टूटी

गाजा में इजरायल के हवाई हमलों ने जीवित बंधकों के परिवारों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। परिजनों का कहना है कि इजरायली मिलिट्री एक्शन से उनका सबसे बड़ा डर सच साबित हुआ है। बंधकों और लापता परिवारों के फोरम की ओर से जारी बयान में कहा गया, "परिवारों, अपहृत लोगों और इजरायल के नागरिकों का सबसे बड़ा डर सच हो गया है। इजरायली सरकार ने बंधकों को उनके हाल पर छोड़ने का फैसला किया।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article