दुनिया

सत्ता की नई धुरी...? जिनपिंग, पुतिन और किम जोंग ने बीजिंग की विजय परेड में ट्रंप को दिया 'कड़ा संदेश'

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन की विशाल सैन्य परेड में शामिल हुए। इसे लेकर नए समीकरण सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं इन दिग्गजों के एक मंच पर आने से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बिफर गए हैं।

Image

जिनपिंग, पुतिन और किम जोंग ने अमेरिकी को दिया ये संदेश (फोटो:canva)

चीन ने बुधवार को एक विशाल परेड में अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया। अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए जेट लड़ाकू विमान, मिसाइल और नवीनतम इलेक्ट्रॉनिक युद्ध हार्डवेयर सहित अपने कुछ आधुनिक हथियारों को पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाया। इस मौके की खास बात रही कि ऐतिहासिक रूप से पहली बार, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन (Kim Jong-Un) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) का रेड कार्पेट पर स्वागत किया।

इस कार्यक्रम के दौरान, किम अपने बगल में बैठे शी जिनपिंग से बात करते हुए देखे गए। यह दुर्लभ दृश्य (Rare Sighting) ऐसे समय में देखने को मिला जब चीन बुधवार को द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ मना रहा था।

'चीन दृढ़ता से 'इतिहास के सही पक्ष' पर खड़ा रहेगा'

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश को 'अजेय' बताते हुए शांतिपूर्ण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया। शी जिनपिंग ने कहा, 'चीन शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर चलता रहेगा। चीनी राष्ट्र का कायाकल्प अजेय है और मानवता का शांति और विकास का लक्ष्य हमेशा कायम रहेगा।'

दुनिया भर में संघर्षों का उल्लेख करते हुए, शी जिनपिंग ने आश्वासन दिया कि चीन दृढ़ता से 'इतिहास के सही पक्ष' पर खड़ा रहेगा और मानवता के लिए साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए हाथ मिलाएगा।

शांति या युद्ध, संवाद या टकराव के बीच चुनाव का सामना

शी जिनपिंग ने कहा, 'मानवता के सामने एक बार फिर शांति या युद्ध, संवाद या टकराव के बीच चुनाव का सामना है। चीनी लोग इतिहास के सही पक्ष और मानव प्रगति के पक्ष में दृढ़ता से खड़े रहेंगे, शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर डटे रहेंगे, और मानवता के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए शेष विश्व के साथ हाथ मिलाएंगे।'

चीनी राष्ट्रपति ने ऐतिहासिक त्रासदियों की पुनरावृत्ति को रोकने का किया आह्वान

इसके बाद चीनी राष्ट्रपति ने दुनिया भर के देशों से युद्ध के कारणों को ख़त्म करने और ऐतिहासिक त्रासदियों की पुनरावृत्ति को रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, 'साझी सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है जब दुनिया भर के देश एक-दूसरे के साथ समान व्यवहार करें, सद्भाव से रहें और एक-दूसरे का परस्पर सहयोग करें।' चीन 3 सितम्बर को 1945 में जापान के विरुद्ध संघर्ष में मिली जीत की वर्षगांठ के रूप में मनाता है, जब द्वितीय विश्व युद्ध में जापान की हार हुई थी।

ट्रंप ने पुतिन और किम की मेजबानी करने को लेकर जिनपिंग की आलोचना की

ट्रंप ने पुतिन और किम की मेजबानी करने को लेकर जिनपिंग की आलोचना की

ट्रंप ने जिनपिंग पर 'अमेरिका के खिलाफ साजिश' रचने का लगाया आरोप

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चीन में पुतिन और किम की मेज़बानी करने को लेकर अपने चीनी समकक्ष की आलोचना की। ट्रंप ने परेड के दौरान सोशल मीडिया पर लिखा- चीन 3 सितंबर को 1945 में जापान के खिलाफ संघर्ष में मिली जीत की वर्षगांठ के रूप में मनाता है, जब जापान द्वितीय विश्व युद्ध में हार गया था। राष्ट्रपति शी और चीन के अद्भुत लोगों के लिए यह उत्सव का एक महान दिन है। कृपया व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं दें, क्योंकि आप संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

ट्रंप ने आगे कहा, बड़ा सवाल यह है कि क्या चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उस भारी समर्थन और रक्त का जिक्र करेंगे जो संयुक्त राज्य अमेरिका ने चीन को एक बेहद अमित्र विदेशी आक्रमणकारी से आजादी दिलाने में दिया था। चीन की विजय और गौरव की खोज में कई अमेरिकी मारे गए। मुझे उम्मीद है कि उन्हें उनके साहस और बलिदान के लिए उचित सम्मान और याद दिया जाएगा!

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article