Trump Fumes Over China Victory Parade: उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बुधवार को चीन की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड में शामिल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बिफर उठे हैं। ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने शी जिनपिंग पर अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। द्वितीय विश्व युद्ध में जापान के आत्मसमर्पण की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस परेड में पुतिन और किम जोंग शामिल हुए थे।
आप अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, बोले ट्रंप
ट्रंप ने परेड के दौरान सोशल मीडिया पर लिखा- चीन 3 सितंबर को 1945 में जापान के खिलाफ संघर्ष में मिली जीत की वर्षगांठ के रूप में मनाता है, जब जापान द्वितीय विश्व युद्ध में हार गया था। राष्ट्रपति शी और चीन के अद्भुत लोगों के लिए यह उत्सव का एक महान दिन है। कृपया व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं दें, क्योंकि आप संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
ट्रंप ने आगे कहा, बड़ा सवाल यह है कि क्या चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उस भारी समर्थन और रक्त का जिक्र करेंगे जो संयुक्त राज्य अमेरिका ने चीन को एक बेहद अमित्र विदेशी आक्रमणकारी से आज़ादी दिलाने में दिया था। चीन की विजय और गौरव की खोज में कई अमेरिकी मारे गए। मुझे उम्मीद है कि उन्हें उनके साहस और बलिदान के लिए उचित सम्मान और याद दिया जाएगा!
चीन की सैन्य परेड में ताकत का प्रदर्शन
चीन ने द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बुधवार को एक विशाल सैन्य परेड का आयोजन किया। इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन भी मौजूद थे। चीन ने बीजिंग में विजय दिवस परेड के दौरान अपनी HQ-9C मिसाइलों का प्रदर्शन किया। HQ-9 मिसाइल प्रणाली का एक संस्करण पाकिस्तान ने अपने रक्षा नेटवर्क के लिए हासिल किया है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर में इस मिसाइल प्रणाली का इस्तेमाल किया गया था; हालांकि, यह भारतीय मिसाइलों से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र की रक्षा करने में नाकाम रहा था।
अपने भाषण में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश को अजेय बताते हुए शांतिपूर्ण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया। शी जिनपिंग ने कहा, चीन शांतिपूर्ण विकास के मार्ग पर चलेगा। चीनी राष्ट्र का कायाकल्प अजेय है, और मानवता का शांति और विकास का उद्देश्य अवश्य ही सफल होगा। दुनिया भर में संघर्षों का जिक्र करते हुए शी जिनपिंग ने आश्वासन दिया कि चीन दृढ़ता से इतिहास के सही पक्ष पर खड़ा रहेगा और मानवता के लिए साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के लिए हाथ मिलाएगा। (ANI)
