Iran US War: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट और परमाणु हथियार को लेकर तू-तू मैं-मैं जारी है। कभी ट्रंप कहते हैं कि समझौते पर सहमति बन गई है तो कभी कहते हैं कि हम ईरान पर फिर बम बरसाएंगे। वहीं ईरान ने भी होर्मुज को फिर से खोलने संबंधी फैसले को लेकर यू-टर्न ले लिया है। साथ ही अमेरिका को सख्त चेतावनी भी दी है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने संबंधी फैसले को लेकर तुरंत पलटी मारते हुए शनिवार को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर दोबारा प्रतिबंध लगा दिये। इस बीच ईरान ने अपने एयरस्पेस को लेकर एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को आशिंक रूप से खोलने का एलान किया है। जिसके बाद कहा जा रहा है कि जल्द ही अंतराष्ट्रीय उड़ाने शुरू हो सकेंगी।
ईरान ने अपने एयरस्पेस को लेकर लिया बड़ा फैसला। (फोटो- एआई)
सात सप्ताह बाद खोला हवाई क्षेत्र
ईरान ने अमेरिका और इजराइल से संघर्ष की वजह से गत सात सप्ताह से बंद अपने हवाई क्षेत्र को शनिवार को आंशिक रूप से खोलने की घोषणा की। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। नागरिक उड्डयन संगठन ने बताया कि पूर्वी ईरान के ऊपर के हवाई मार्ग स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे (जीएमटी के अनुसार तड़के साढ़े तीन बजे) से दोबारा खोल दिए गए हैं।
धीरे-धीरे शुरू होंगी उड़ानें
सरकारी स्वामित्व वाले ’ईरान’ अखबार के मुताबिक, देश के हवाई अड्डों पर उड़ानें धीरे-धीरे फिर से शुरू होंगी, हालांकि इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई गई है।गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से देश का हवाई क्षेत्र बंद था। अब इसे आंशिक रूप से फिर से खोलने का फैसला ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम लागू होने के एक हफ्ते से अधिक समय बाद लिया गया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर फिर से प्रतिबंध लगाए
वहीं, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने संबंधी फैसले को लेकर तुरंत पलटी मारते हुए इस समुद्री मार्ग पर दोबारा प्रतिबंध लगा दिये। उसने यह फैसला तब किया जब इससे पहले अमेरिका ने कहा कि इस कदम से उसकी नाकेबंदी समाप्त नहीं होगी।
देश की संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को कहा कि ’’होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण पहले की स्थिति में लौट आया है ... और अब यह सशस्त्र बलों के कड़े प्रबंधन और नियंत्रण में है। उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक जलडमरूमध्य से आवागमन भी बाधित रखा जाएगा।
