दुनिया

Iran US Peace Talk: युद्धविराम की उम्मीद के साथ पाकिस्तान पहुंचा ईरानी दल, अमेरिका के साथ 'आर-पार' की बातचीत आज

इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीचल आज स्थायी युद्धविराम (Ceasefire) के लिए Iran US Peace Talk होने वाली है। ईरान का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है। अमेरिका की ओर से जेडी वेंस इस बातचीत का नेतृत्व करेंगे।

Image

पीस टॉक को लेकर पाकिस्तान में कड़ी सुरक्षा: पाकिस्तानी रेंजर्स राष्ट्रपति भवन के पास गश्त करते हुए (Reuters)

Photo : REUTERS

Iran US Peace Talk: पश्चिम एशिया में हफ्तों से जारी भीषण संघर्ष के बीच शांति की एक बड़ी उम्मीद जगी है। शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच एक ऐतिहासिक 'आर-पार' वार्ता शुरू होने जा रही है। ईरान का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में स्थायी युद्धविराम (Ceasefire) की संभावनाओं को तलाशना है।

इस्लामाबाद में होगी बातचीत

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस वार्ता को "निर्णायक" बताया है। पाकिस्तान पिछले कई हफ्तों से दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह बात बोली है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ईरान की स्थिति को बेहतर ढंग से समझते हैं, जो इस बातचीत में मददगार साबित हो सकता है।

भावुक संदेश के साथ पहुंचा ईरानी प्रतिनिधिमंडल

ईरानी दल का नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ, विदेश मंत्री डॉ. अराघची, रक्षा परिषद के सचिव डॉ. अली अकबर अहमदियान और सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हम्मती कर रहे हैं। इसके अलावा उप विदेश मंत्री काजिम गरीबाबादी, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिवालय में विदेश नीति के डिप्टी अली बगेरी कानी, सांसद सैयद महमूद नबोयान, संसद अध्यक्ष के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सहायक अबोलफजल अमूई और रणनीतिक सलाहकार मेहदी मोहम्मदी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। विशेष बात यह है कि ईरानी दल जिस विमान से पहुंचा, उसका नाम "मिनाब 168" (Minab 168) रखा गया है। यह नाम उस ईरानी गर्ल्स स्कूल के सम्मान में रखा गया है जो युद्ध के पहले दिन (28 फरवरी) मिसाइल हमले का शिकार हुआ था। उस हमले में 168 लोगों, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे, की मौत हो गई थी। कालिबाफ ने सोशल मीडिया (X) पर विमान के अंदर की एक तस्वीर साझा की, जिसमें सीटों पर बच्चों की तस्वीरें, स्कूल बैग और फूल रखे नजर आए। उन्होंने लिखा, "इस उड़ान में मेरे साथी।"

Minab 168

कालिाबाफ ने सोशल मीडिया पर शेयर की Minab-168 की तस्वीर (X/@mb_ghalibaf)

शांति के लिए मेज पर दो प्रस्ताव

बातचीत के लिए दो अलग-अलग प्रस्तावों की चर्चा है। जिसमें एक डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से मिले एक 10-सूत्रीय प्रस्ताव को "इस बातचीत का व्यावहारिक आधार" बताया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी एक 15-सूत्रीय योजना का जिक्र किया है, जिसे ट्रंप के मुख्य डेलिगेशन्स ने युद्ध समाप्त करने का संभावित जरिया माना है। हालांकि, दोनों प्रस्तावों के विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन जानकारों का मानना है कि दोनों पक्षों की शर्तों के बीच अभी बड़ा अंतर है।

अमेरिका की ओर से जेडी वेंस करेंगे नेतृत्व

अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद पहुंच रहे हैं। उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद व सलाहकार जेरेड कुशनर भी इस वार्ता का हिस्सा होंगे।

लेबनान संकट और युद्धविराम की चुनौतियां

एक तरफ शांति वार्ता की तैयारी है, तो दूसरी तरफ लेबनान पर इजरायल के हमले जारी हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट किया है कि युद्धविराम लेबनान पर लागू नहीं होता। शुक्रवार को इजरायली बमबारी में 300 से अधिक लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, लेबनान ने कहा है कि वे अगले सप्ताह वाशिंगटन में इजरायल के साथ युद्धविराम पर चर्चा करेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article