पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग होने का खतरा मंडराता दिख रहा है। दरअसल, ईरान और अमेरिका में जारी वार्ता एक बार फिर ठप पड़ती दिख रही है। मुद्दा इस बार भी ईरान का परमाणु कार्यक्रम ही है। ऐसे में दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करा रहे देशों और लोगों का कहना है कि जबकि दोनों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर जारी वार्ता ठप हो गई है, ऐसे में पश्चिम एशिया में फिर से सैन्य टकराव शुरू होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, टकराव दोबारा शुरू होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अल अरबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम के भंडार को खत्म करने और भविष्य में यूरेनियम संवर्धन दोबारा शुरू नहीं करने की लिखित गारंटी दे। वहीं ईरान ये शर्त मान नहीं रहा है।
ईरान और अमेरिका के बीच गहराया तनाव (फोटो साभार: AI)
रिपोर्ट में एक वरिष्ठ सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अमेरिका इस मामले में स्पष्ट रोडमैप और ठोस आश्वासन मांग रहा है। हालांकि, मध्यस्थों की ओर से दोनों देशों के बीच मतभेद दूर करने के लिए कई प्रस्ताव दिए गए हैं, लेकिन अमेरिका और ईरान दोनों अपने-अपने रुख पर कायम हैं। इसके चलते बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है।
ईरान बोला- सिर्फ तनाव खत्म करने के लिए नहीं करेंगे समझौता
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका देश अमेरिका के साथ केवल मौजूदा कूटनीतिक गतिरोध खत्म करने के लिए कोई समझौता नहीं करेगा। उनका कहना है कि किसी भी समझौते में ईरान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा होनी चाहिए और भविष्य में सैन्य टकराव दोबारा न होने की गारंटी भी मिलनी चाहिए।अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सरकारी अखबार को दिए एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि उनका देश ऐसा समझौता चाहता है, जो अच्छा, सम्मानजनक और लंबे समय तक टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि ईरान "न युद्ध, न शांति" वाली स्थिति में नहीं रहना चाहता है। उन्होंने अमेरिका के साथ किसी संभावित समझौते की स्थिरता पर सवाल उठाते हुए कहा, ''आज समझौता करने का क्या मतलब है, अगर दो महीने बाद इसका उल्लंघन हो जाए और फिर युद्ध शुरू हो जाए?''
सीजफायर के 15 दिन बाद फिर शुरू हो गई थी लड़ाई
इस दौरान अब्बास अराघची ने जून में हुए सीजफायर का जिक्र करते हुए कहा कि युद्धविराम समझौते के महज 15 दिन बाद ही लड़ाई दोबारा शुरू हो गई थी। पुराने अनुभव से सीखते हुए ईरान केवल मौजूदा हालात से बाहर निकलने के लिए किसी भी समझौते पर सहमत नहीं होगा।
संवर्धित यूरेनियम पर अब्बास अराघची का क्या है कहना?
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत के लिए तैयार है। खासतौर पर 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर चर्चा की जा सकती है, लेकिन ईरान इस सामग्री को देश से बाहर भेजने के पक्ष में नहीं है। उनके मुताबिक, यूरेनियम संवर्धन को लेकर एक निष्पक्ष समाधान निकाला जा सकता है, बशर्ते समझौते में ईरान के राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी शामिल किया जाए।
कतर और पाकिस्तान के जरिए जारी है बातचीत
अराघची ने यह भी पुष्टि की कि ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के जरिए संदेशों और प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। इस प्रक्रिया में कतर और पाकिस्तान भी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम डिप्लोमेसी वाले लोग हैं,और हमें अभी भी डिप्लोमेसी से उम्मीद है।
अमेरिका ईरान की शर्तें पूरी कर दे तो हम...
वहीं, अराघची ने संकेत दिया कि अगर अमेरिका ईरान की शर्तें पूरी करता है तो तेहरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने के लिए तैयार है। इससे साफ है कि ईरान किसी भी व्यापक समझौते में अपने परमाणु कार्यक्रम के साथ-साथ प्रतिबंधों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी शामिल करना चाहता है।
