Iran, US War News Live Updates: रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने नेतन्याहू को मारने की दी धमकी तो अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने बता दी युद्ध खत्म होने की डेडलाइन
-रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की दी धमकी
-संयुक्त अरब अमीरात में ईरान के नए मिसाइल हमले
-मध्य पूर्व में तनाव के बीच रियाद में अमेरिकी दूतावास ने दी जानकारी
-ईरान के खिलाफ आईआरजीसी और हिज्बुल्लाह का बड़ा सैन्य अभियान
-खर्ग द्वीप के तेल ढांचे को कोई नुकसान नहीं-ईरानी मीडिया
-लेबनान में इजरायली हमले में कम से कम 12 चिकित्साकर्मियों की मौत
-उत्तर कोरिया के शासक किम जॉन्ग उन ने दिखाए तेवर, बैलिस्टिक मिसाइल दागी
-बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल से हमला होने की खबर है
-ईरान युद्ध कितने दिन चलेगा, इस पर डोनाल्ड ट्रंप ने जवाब दिया है
-रणनीतिक रूप से अहम ईरान के खर्ग द्वीप पर यूएस ने की भीषण बमबारी
-ईरान ने कहा है कि रूसी तेल पर दुनिया से भीग मांग रहा US
-स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से एलपीजी से लदा टैंकर भारत पहुंचेगा
कुवैत स्थित अली अल सलेम एयरबेस पर ड्रोन हमला
जनरल लुसियानो पोर्टोलानो ने बताया कि अली अल सलेम बेस पर हमला रविवार सुबह हुआ और इस हमले में बेस पर बने एक शेल्टर के अंदर मौजूद एक इतालवी ड्रोन नष्ट हो गया। उन्होंने X पर पोस्ट की गई अपनी टिप्पणियों में कहा कि इस हमले में कोई भी इतालवी सैनिक घायल नहीं हुआ।युद्ध का विस्तार करने की ईरान की धमकी के बीच खाड़ी देशों में मिसाइल एवं ड्रोन हमले
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दौरान ईरान द्वारा अपने हमलों का दायरा और व्यापक करने की धमकी दिए जाने के बीच अरब खाड़ी देशों ने रविवार को उन पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की सूचना दी।इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को यह कहते हुए ईरान पर हमला किया था कि वे ईरान के परमाणु व सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं और ईरान के लोगों से भी अपने नेताओं के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया था। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और फारस की खाड़ी के आसपास के पड़ोसी देशों पर हमले किए। इस संघर्ष के कारण वैश्विक विमानन सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं, तेल निर्यात बाधित हुआ है और दुनियाभर में ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें आशा है कि तेल व गैस के निर्यात पर निर्भर देश हॉर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अपने युद्धपोत भेजेंगे। हालांकि रविवार तक किसी भी देश ने इसके लिए प्रतिबद्धता नहीं जताई, लेकिन कुछ देशों ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं।
भारत से 45,000 टन डीजल इंपोर्ट करेगा बांग्लादेश
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बांग्लादेश ने भारत से अतिरिक्त 45,000 टन डीजल आयात करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि बांग्लादेश अप्रैल तक भारत से अतिरिक्त डीजल आयात करेगा। बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPC) के जनरल मैनेजर (कमर्शियल और ऑपरेशंस) मो. मुर्शीद हुसैन आज़ाद ने समाचार एजेंसी एएनआई को फोन पर बताया कि हाल ही में भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन डीजल पहुंचा है और हमें 18 या 19 मार्च के आस-पास भारत से बांग्लादेश में 5,000 टन और डीजल मिलेगा।DGCA ने एयर इंडिया को उड़ान ड्यूटी से जुड़े नियमों के लिए दी अस्थायी छूट
अमेरिका-ईरान के बीच कब खत्म होगा युद्ध, अमेरिकी ऊर्जा मंत्री ने बता दी डेडलाइन
अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि ईरान के साथ जारी युद्ध अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है। एबीसी न्यूज के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि यह संघर्ष निश्चित रूप से अगले कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा, और संभव है कि इससे पहले ही समाप्त हो जाए।'' उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद ऊर्जा आपूर्ति में फिर से बढ़ोतरी होगी और इसके कारण ऊर्जा की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है।ईरान ने इजरायल पर दागी मिसाइलें, दो घायल
इजरायल ने रविवार को दावा किया कि ईरानी मिसाइल हमले में दो लोग घायल हो गए और एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है। यह हमला कई मिसाइल हमलों की श्रृंखला का हिस्सा था, जिसमें मध्य इजरायल के अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स शहर बनेई बराक में एक अपार्टमेंट इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।ईरान ने UAE पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 ड्रोन दागे
यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) ने रविवार को दावा किया कि ईरान ने उस पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों और 6 ड्रोन से हमला किया। हालांकि, इस हमले से किसी बड़े नुकसान या हताहतों की तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।ईरान में 223 महिलाओं और 202 बच्चों की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ईरान में हवाई हमलों के कारण अब तक बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद से 223 महिलाओं और 202 बच्चों की मौत हुई है।रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को मारने की दी धमकी
अमेरिका और इजरायल मिलकर लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं। वहीं, ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इसी बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) को मारने की धमकी दी है। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि अगर अपराधी जियोनिस्ट प्रधानमंत्री अब भी जिंदा हैं, तो उन्हें खोजकर मारने की कार्रवाई जारी रहेगी।पश्चिम एशिया संकट के बीच निर्यात खेप के लिए अग्रिम योजना बना रहे हैं निर्यातकप
पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण निर्यात पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए निर्यातक और लॉजिस्टिक्स कंपनियां पोत परिवहन कंपनियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, अपनी खेप की पहले से योजना बना रही हैं और वैकल्पिक मार्गों की तलाश कर रही हैं। निर्यातकों का कहना है कि कारोबारी हालात को देखते हुए कंपनियां अपने भंडार, अनुबंध और खेप की समय-सारिणी में भी लचीलापन ला रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर जल्दी बदलाव किया जा सके। उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, नियमित सलाह जारी करना, अतिरिक्त शुल्क को लेकर शिपिंग या माल ढुलाई वाले जहाज का परिचालन करने वाली कंपनियों से बातचीत करना, कंटेनर की उपलब्धता सुनिश्चित करना और अनुपालन की समय-सीमा में लचीलापन देना जैसे कदम इस संकट से निपटने में उद्योग के लिए मददगार हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उद्योग संगठनों और सरकार के बीच लगातार संवाद बनाए रखना भी जरूरी है। भारतीय निर्यात संगठनों के महासंघ (फियो) के अध्यक्ष एस सी रल्हन ने कहा, हालात में फिलहाल सुधार नहीं दिख रहा है, लेकिन हम अपने निर्यात को संभालने की कोशिश कर रहे हैं। पोत परिवहन कंपनियों को इस स्थिति का अनुचित फायदा नहीं उठाना चाहिए।संयुक्त अरब अमीरात में नए मिसाइल हमले
संयुक्त अरब अमीरात ने रविवार सुबह एक नए मिसाइल हमले की सूचना दी, ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात के तीन प्रमुख बंदरगाहों को खाली करने के आह्वान के एक दिन बाद, पहली बार किसी पड़ोसी देश की गैर-अमेरिकी संपत्तियों को धमकी दी गई। तेहरान ने बिना कोई सबूत दिए संयुक्त अरब अमीरात पर ईरान के तेल निर्यात को संभालने वाले मुख्य टर्मिनल वाले खर्ग द्वीप पर हमले करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाहों, गोदियों और गुप्त ठिकानो" का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सहयोगी देश महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने के लिए युद्धपोत भेजेंगे। इस बीच, इजरायली हमलों ने लेबनान के मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है, जिसमें लगभग 800 लोग मारे गए हैं और 850,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
कांग्रेस ने चाबहार बंदरगाह को लेकर सरकार की आलोचना की
कांग्रेस ने रविवार को कहा कि चाबहार बंदरगाह अब भारत की प्राथमिकताओं में दिखाई नहीं दे रहा और यह ताजिकिस्तान के आयनी में वायुसेना अड्डा बंद होने के बाद देश की कूटनीति को लगा दूसरा रणनीतिक झटका है। कांग्रेस के महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शासन में निरंतरता एक ऐसी जरूरी हकीकत है, जिसे आत्ममुग्ध प्रधानमंत्री कभी स्वीकार नहीं करते। रमेश ने एक्स पर कहा कि 1990 के दशक के आखिर में भारत ने भारत-अफगानिस्तान-ईरान सहयोग रणनीति के तहत ईरान के चाबहार बंदरगाह में निवेश की संभावनाएं तलाशना शुरू किया था। उन्होंने कहा, आखिरकार, तेहरान में 16वें गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने इन योजनाओं को नया प्रोत्साहन दिया था और मई 2013 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुरुआत में चाबहार में 11 करोड़ 50 लाख अमेरिकी डॉलर के निवेश को मंजूरी दी। यह याद रखना चाहिए कि यह फैसला उस समय लिया गया था, जब भारत अक्टूबर 2008 में हस्ताक्षरित भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लागू करने के लिए बड़े कदम उठा रहा था।सुरक्षा परिषद की व्यवस्था में समस्या स्वीकार किये जाने की जरूरत: गुतारेस
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने कहा है कि यह स्वीकार करना आवश्यक है कि सुरक्षा परिषद की व्यवस्था में समस्या है और यह वर्तमान दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करती तथा स्थायी सदस्यों द्वारा वीटो का इस्तेमाल किए जाने के कारण संघर्षों को रोकने में असमर्थ है। गुतारेस ने शनिवार को बेरूत में संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, मुझे लगता है कि हमें यह स्वीकार करना होगा कि सुरक्षा परिषद के साथ एक समस्या है। आज सुरक्षा परिषद मौजूदा विश्व का प्रतिनिधित्व नहीं करती। यह दरअसल 1945 के बाद के विश्व का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि 15 देशों की परिषद में तीन स्थायी सदस्य यूरोप से, एक एशिया से और एक अमेरिका से हैं, जबकि अफ्रीका या लैटिन अमेरिका से कोई स्थायी सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा, इसलिए, वीटो के कारण परिषद को वैधता और दक्षता दोनों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हमने बार-बार देखा है कि जब भी संघर्ष की स्थिति उत्पन्न होती है और उसे रोकना आवश्यक होता है, तो कोई देश वीटो का इस्तेमाल कर लेता है और सुरक्षा परिषद कार्रवाई नहीं कर पाती।ईरान के ड्रोन हमले अमेरिका पर भारी दिखे
ईरान के ड्रोन हमले अमेरिका पर भारी पड़ते दिख रहे हैं। अमेरिकी डिफेंस सिस्टम को नाकाम कर ये छोटे-छोटे ड्रोन सटीकता से हमले को अंजाम दे रहे हैं। सैटेलाइट इमेज और वीडियो से यह खुलासा हुआ है। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया विश्लेषण के अनुसार ईरान के ड्रोन हमलों ने कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर दी है। एनबीसी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के अनुसार दर्ज 26 मामलों में से 21 में ईरानी ड्रोन अपने तय लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे। इन हमलों का निशाना परिवहन केंद्र, कूटनीतिक ठिकाने, ऊर्जा ढांचा और सैन्य अड्डे जैसे कई रणनीतिक स्थान रहे हैं। वीडियो प्रमाणों और रिपोर्टों के आधार पर किए गए अध्ययन में बताया गया है कि ईरान के ड्रोन हमलों का प्रभाव कम से कम सात देशों में देखा गया है।कच्चे तेल और ईंधन पर किसी भी हालात से निपटने में भारत सक्षम
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण समुद्री मार्ग बाधित होने के बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि कच्चे तेल और ईंधन से संबंधित किसी भी हालात से निपटने के लिए भारत अच्छी स्थिति में है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आम आदमी के लिए वैकल्पिक विकल्प प्रदान करने हेतु केरोसिन उत्पादन में वृद्धि की है। गोयल ने सीएनबीसी-टीवी18 इंडिया बिजनेस लीडर्स अवार्ड्स 2026 समारोह में कहा कि सरकार निर्यातकों को समर्थन देने के लिए अगले सप्ताह कुछ ठोस एजेंडा लेकर आने की योजना बना रही है।मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के बीच एयर इंडिया ने कई उड़ानें रद्द कीं
मिडिल ईस्ट में छिड़े युद्ध के बीच एयर इंडिया ने अपडेट जारी किया है। इसने कहा है कि यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटीज के निर्देशों के बाद, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को 15 मार्च 2026 के लिए अपनी अस्थायी उड़ानों में कटौती करनी पड़ रही है। बता दें कि पिछले करीब दो हफ्ते से ईरान और अमेरिका युद्ध छिड़ा हुआ है और इसकी चपेट में पूरा मध्य पूर्व आ गया है। ईरान की ओर से इन देशों पर लगातार हमला हो रहा है और एयरपोर्ट से लेकर तेल संयंत्र और रिहायशी इलाके भी इसकी चपेट में आ गए हैं।एयर इंडिया: दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी; दुबई के लिए निर्धारित पांच उड़ानों में से चार रद्द कर दी गई हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस: दिल्ली-दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी; दुबई के लिए निर्धारित छह उड़ानों में से पांच रद्द कर दी गई हैं।
अबू धाबी: एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
शारजाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।
रस अल खैमाह: एयर इंडिया एक्सप्रेस रस अल खैमाह-कोझिकोड और रस अल खैमाह-कोच्चि के लिए उड़ानें संचालित करेगी।
जंग के बीच LPG लेकर भारत पहुंच रहे जहाज 'शिवालिक' और 'नंदा देवी'
भारतीय ध्वज वाले दो जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, जिनमें द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) भरी हुई है, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं और कुछ ही दिनों में गुजरात तट पर पहुंचने की उम्मीद है। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित रणनीतिक संकरे समुद्री मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करते हुए इन जहाजों ने यात्रा की। फारस की खाड़ी के पास भारतीय नौसेना के कई युद्धपोत तैनात किए गए हैं। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय नौसेना के युद्धपोत खाड़ी क्षेत्र में तैनात हैं और व्यापारिक जहाजों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं।कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले
ईरान की ओर से अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले का सिलसिला लगातार जारी है। ईरान ने अब कुवैत को निशाना बनाया है। कुवैत के विमानन प्राधिकरण ने बताया है कि शनिवार शाम को ड्रोन के एक झुंड ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि हमले के दौरान हवाई अड्डे के रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों ने कहा कि इसके जवाब में आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए हैं। किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद हवाई यातायात बाधित हो गया है।खर्ग द्वीप पर फिर कर सकते हैं हमला, बोले ट्रंप
Donald Trump on Kharg Island: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वाशिंगटन ईरान के खर्ग द्वीप पर "मजे के लिए" एक बार फिर हमला कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों ने इस सबसे अहम तेल निर्यात केंद्र के अधिकांश हिस्से को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया से उन्हें हैरत हुई है। एनबीसी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें आश्चर्य हुआ कि ईरान ने अमेरिकी-इज़राइली अभियान के जवाब में अन्य मध्य पूर्वी देशों पर हमला करने का फैसला किया। उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार को खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमलों ने द्वीप के अधिकांश हिस्से को पूरी तरह से नष्ट कर दिया, लेकिन मजे के लिए हम इस पर कुछ और बार हमला कर सकते हैं।अमेरिका के सामने झुकेगा नहीं ईरान: ईरान के सर्वोच्च नेता के भारत प्रतिनिधि डॉ. इलाही
ईरान के सर्वोच्च नेता के भारत प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि ईरान अपने दुश्मनों के सामने नहीं झुकेगा और अगर जरूरत पड़ी तो लंबे समय तक संघर्ष जारी रख सकता है। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि ईरान को लंबे युद्ध का अनुभव है, क्योंकि उसने आठ साल तक इराक के साथ युद्ध लड़ा था।पश्चिम एशिया संकट : भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख हितधारकों के संपर्क में
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर, भारत ने शनिवार को कहा कि वह अपनी ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खाड़ी सहयोग परिषद, ईरान, अमेरिका और इजराइल सहित सभी प्रमुख पक्षों के साथ संपर्क में है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि संवाद और कूटनीति की वकालत करने के साथ ही भारत ने लगातार इस क्षेत्र से माल और ऊर्जा आपूर्ति के निर्बाध पारगमन को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि मौजूदा संघर्ष में पांच भारतीय नागरिकों की जान चली गई है और एक लापता है। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष के बाद से लगभग 1,72,000 भारतीय भारत लौट चुके हैं।बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला
अमेरिकी दूतावास परिसर पर दो ड्रोन टकराने की खबर सामने आई है। इससे पहले मिसाइल हमले की रिपोर्ट आई थी। सुरक्षा अधिकारी ने CNN को यह जानकारी दी। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले में कितना नुकसान हुआ है। साथ ही किसी के हताहत होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।Iran, US War News Live Updates : लेबनान में मौत का आंकड़ा बढ़कर 826 हुआ
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी लड़ाई में मरने वालों की संख्या बढ़कर 826 हो गई है। मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 2 मार्च से शुरू हुई इस ताजा लड़ाई में अब तक 2,009 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। मारे गए लोगों में 106 बच्चे और 65 महिलाएं भी शामिल हैं।इज़रायल में बार-बार बज रहे सायरन
इजरायल में शनिवार को बार-बार सायरन बज रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान की ओर से आने वाले ड्रोन और मिसाइलों की चेतावनी हर करीब 30 मिनट में दी जा रही है। लगातार मिल रही इन चेतावनियों के कारण इलाके में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है और लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।इजरायल-लेबनान के बीच सीधी वार्ता की मेजबानी के लिए तैयार : फ्रांस
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा संसद के स्पीकर से बात की है, और देश को अराजकता में डूबने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। मैक्रों ने कहा कि हिजबुल्ला को तुरंत 'अपनी आक्रामकता' रोकनी चाहिए जबकि इजराइल को बड़े पैमाने पर अपने हवाई हमलों को रोकना चाहिए।फ्रांस के राष्ट्रपति के मुताबिक, लेबनानी नेताओं ने कहा है कि वे इजराइल के साथ सीधी वार्ता करने को तैयार हैं। मैक्रों ने कहा कि इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए ताकि वे युद्धविराम तक पहुंचने के लिए बातचीत शुरू कर सकें, एक स्थायी समाधान ढूंढ सकें और लेबनान की संप्रभुता के समर्थन में लेबनानी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने का अवसर प्रदान कर सकें।
92,700 मीट्रिक टन LPG आ रही भारत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत आने वाले कुछ जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में कामयाब रहे हैं। दो भारतीय पोत शिवालिक और नंदा देवी होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं और अब भारत के बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं। इन दोनों जहाजों में से हर एक में 46,000 मीट्रिक टन से ज़्यादा एलपीजी मौजूद है और कुल मिलाकर 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी आ रही है। हमारे कई जहाज़ खाड़ी क्षेत्र में स्टैंडबाय पर हैं।Iran, US War News Live Updates : 1,600 ड्रोन, 294 बैलिस्टिक और 15 क्रूज मिसाइलें...: UAE ने बता दिया एक-एक आंकड़ा
यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को देश की ओर 9 बैलिस्टिक मिसाइलें और 33 ड्रोन दागे गए। मंत्रालय ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक यूएई पर कुल 1,600 ड्रोन, 294 बैलिस्टिक मिसाइल और 15 क्रूज़ मिसाइल दागे जा चुके हैं। इन हमलों में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 141 लोग घायल हुए हैं।Iran, US War News Live Updates: ईरान के आस-पास 45 अमेरिकी सैन्य ठिकाने - डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही
Iran US War: ईरान के सर्वोच्च नेता के भारत प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के आसपास कई सैन्य ठिकाने बना रखे हैं। कुछ अमेरिकी सीनेटरों के अनुसार, ईरान के चारों ओर करीब 45 अमेरिकी सैन्य बेस मौजूद हैं।Iran, US Israel War News Live Updates: बहरीन ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की दी सूचना
बहरीन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने शनिवार को 10 ड्रोन और तीन मिसाइलें दागी हैं। इससे दो सप्ताह से चल रहे युद्ध के दौरान बहरीन पर दागी गई मिसाइलों और ड्रोन की कुल संख्या क्रमशः 124 और 203 हो गई है।
अमेरिकी हमले के बाद ईरान की चेतावनी: UAE में US ठिकाने हमारे वैध लक्ष्य
ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने यूएई को जानकारी दी कि वहां मौजूद अमेरिकी ठिकानों को अब हमला करने के लिए वैध लक्ष्य माना जाएगा। ईरान के खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमलों के बाद तेहरान ने यह चेतावनी जारी दी।Iran, US Israel War News Live Updates:मिडिल ईस्ट तनाव के बीच रियाद में अमेरिकी दूतावास ने दी जानकारी
अमेरिकी दूतावास, रियाद ने जानकारी दी है कि फिलहाल मध्य पूर्व से बाहर निकलने के विकल्प, सुरक्षित स्थान पर रहने या मिशन संचालन से जुड़े निर्देशों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और समय-समय पर आपको अपडेट देते रहेंगे, ताकि आप अपनी सुरक्षा से जुड़े सही फैसले ले सकें। अगर आप मिडिल ईस्ट से बाहर निकलना चाहते हैं, तो अमेरिकी सरकार उपलब्ध यात्रा विकल्पों की ताजा जानकारी देकर आपकी मदद करेगी।Iran, US Israel War News Live Updates: ईरानी मीडिया की रिपोर्ट: US के हमलों के बाद खार्ग द्वीप पर 15 धमाके
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया कि खार्ग द्वीप पर कम से कम 15 धमाके हुए और द्वीप के ऊपर घना धुआं उठता देखा गया। इससे पहले इस द्वीप पर अमेरिकी हमले किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, हमलों में एयर डिफेंस सुविधा, नौसैनिक अड्डा, हवाई अड्डे का कंट्रोल टॉवर, और एक ऑफशोर तेल कंपनी के हेलीकॉप्टर हैंगर को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी ने यह भी कहा कि हमले में किसी भी तेल ढांचे (ऑयल इन्फ्रास्ट्रक्चर) को नुकसान नहीं पहुंचा है।Iran, US Israel War News Live Updates: आईआरजीसी और हिजबुल्लाह का बड़ा सैन्य अभियान
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने लेबनान के हिजबुल्लाह के साथ मिलकर “ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4” की 48वीं स्टेज शुरू कर दी है. आईआरजीसी ने इस अभियान के साथ इजराइल को चेतावनी देते हुए कहा है कि आने वाले दिन उसके लिए “अंधकारमय” हो सकते हैं.Iran, US Israel War News Live Updates: लेबनान में इजरायली हमले में कम से कम 12 चिकित्साकर्मियों की मौत
दक्षिणी लेबनान से रिपोर्टों के मुताबिक, हिज़्बुल्लाह से सीधे जुड़े नहीं होने वाले अन्य ठिकानों पर भी इजरायली हवाई हमले किए गए हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दक्षिणी शहर बुर्ज कलाविया में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रातभर हुए हमले में कम से कम 12 मेडिकल कर्मियों, जिनमें डॉक्टर और नर्स शामिल हैं, की मौत हो गई। इजराइल ने अन्य नागरिक ढांचों जैसे सड़कों और पुलों पर भी बमबारी की है। इसके साथ ही उसने दक्षिण में अपने घोषित निकासी क्षेत्र का आकार लगभग दोगुना कर दिया है और लाखों लोगों से उत्तर की ओर जाने की अपील की है। हालांकि उत्तर में राहत संगठनों और लेबनान की सरकार के लिए बड़ी संख्या में विस्थापित लोगों को संभालना मुश्किल हो रहा है। लेबनान में तनाव लगातार बढ़ रहा है और हिज्बुल्लाह तथा इजरायल दोनों की कड़ी बयानबाज़ी के बीच यह डर बढ़ रहा है कि संघर्ष और व्यापक युद्ध में बदल सकता है।Iran, US Israel War News Live Updates: खर्ग द्वीप के तेल ढांचे को कोई नुकसान नहीं-ईरानी मीडिया
शुक्रवार को डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खर्ग द्वीप पर बमबारी की। उन्होंने कहा कि इस हमले में तेल से जुड़ी संरचनाओं को निशाना नहीं बनाया गया। यह द्वीप तेहरान की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है, क्योंकि एक विश्लेषक के अनुसार ईरान के लगभग 90% तेल निर्यात इसी द्वीप के रास्ते होते हैं। फार्स न्यूज एजेंसी जो IRGC से जुड़ी मानी जाती है, के अनुसार अमेरिकी हमलों के दौरान द्वीप पर 15 से अधिक विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। एजेंसी ने टेलीग्राम पर पोस्ट में कहा कि हमलों का निशाना एयर डिफेंस सिस्टम, एक नौसैनिक अड्डा, एयरपोर्ट कंट्रोल टावर और हेलीकॉप्टर हैंगर थे। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, खार्ग द्वीप के तेल ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ।Iran, US Israel War News Live Updates:किम जॉन्ग उन ने दिखाए तेवर, बैलिस्टिक मिसाइल दागी
दुनिया में पहले ही दो जंग जारी है और इस बीच उत्तर कोरिया ने शनिवार (14 मार्च) को बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया और जापान ने इसकी पुष्टि की है। यह मिसाइल जापान सागर की ओर दागी गई है, जिसे उत्तर और दक्षिण कोरिया 'पूर्वी सागर' कहते हैं। दक्षिण कोरिया का कहना है कि उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। उधर जापान भी अलर्ट हो गया है। जापान के पीएम ऑफिस से इस बारे में जानकारी दी गई।Iran, US Israel War News Live Updates: बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर बड़ा हमला
इराक की राजधानी बगदाद में मौजूद अमेरिकी दूतावास पर बड़ा हमला हुआ है। एक मिसाइल ने अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह हमला ईरान की ओर से किया गया है। एक इराकी अधिकारी ने इस हमले की जानकारी देते हुए कहा है कि यह मिसाइल अमेरिकी दूतावास के हेलीपैड पर आकर गिरी है।Iran, US Israel War News Live Updates: ईरान युद्ध कितने दिन चलेगा, ट्रंप ने दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रिपोर्टर ने पूछा कि आपको क्या लगता है कि यह युद्ध अब और कितने समय तक चलने की संभावना है? तो इसपर ट्रंप ने कहा कि ईरान पूरी तरह तबाह हो चुका है। उनका देश बहुत बुरी हालत में है, पूरी व्यवस्था ढह रही है। सैन्य दृष्टि से हमारी स्थिति बहुत-बहुत मजबूत बनी हुई है। ट्रंप ने युद्ध कब खत्म होगा, इसपर कहा, 'मैं आपको यह नहीं बता सकता। मेरा मतलब है, मेरे मन में अपना एक अंदाजा है, लेकिन उससे क्या फायदा? यह तब तक चलेगा जब तक जरूरी होगा। वे पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।Iran, US Israel War News Live Updates: खर्ग द्वीप पर यूएस ने की भीषण बमबारी
ईरान के रणनीतिक रूप से अहम खर्ग द्वीप पर हुए हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने कहा कि इस द्वीप पर ईरान के प्रत्येक सैन्य अड्डे को तबाह कर दिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगाह करते हुए कहा कि अब आगे ईरान के ऊर्जा संरचना एवं ढांचे को निशाना बनाया जा सकता है। इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंक्षी पीट हेगसेठ ने कहा था कि 'ईरान पर आज यूएस बहुत भीषण हमला करेगा।' हमले के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'यह हमला मध्य पूर्व के सबसे ताकतवर सैन्य अभियानों में से एक था।'Iran, US Israel War News Live Updates: रूसी तेल पर दुनिया से भीग मांग रहा US-ईरान
ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य मोर्चे पर तो लड़ाई जारी है, जुबानी जंग में भी कोई कमी नहीं है। एक दूसरे पर वार-पलटवार का दौर चल रहा है। रूसी तेल खरीदने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने उन पर तीखा हमला बोला है। तेहरान ने शनिवार को आरोप लगाया कि रूसी कच्चे तेल पर वाशिंगटन पाखंड कर रहा है। वह उन देशों से रूसी तेल खरीदने के लिए 'गिड़गिड़ा' रहा है जिसे उसने कभी खरीदने से मना किया था।ईरान संग तनाव के बीच ट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले- मध्यावधि चुनाव तक नहीं होगा कोई हमला
174 जिंदगियां बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को मिलेगा इजरायल का नागरिक पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया ऐलान
US ने Infosys, Wipro समेत कई भारतीय कंपनियों को दिया झटका, ट्रंप ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम किया सस्पेंड
'क्या अंबानी हैं भारत के असली बॉस', स्टारलिंक पर सरकार के जवाब के बाद मस्क ने दागा सवाल
यमन युद्ध में पाकिस्तान की एंट्री? हूतियों पर की एयर स्ट्राइक, PAK ने बताया फर्जी और मनगढ़ंत
© 2026 Times Horizon Private Limited
