LIVE

Iran, US War News Live Updates: रियाद में धमाके की आवाज सुनाई दी....ईरान के साथ समझौते की बहुत अच्छी संभावना-ट्रंप; पाकिस्तान-ईरान के विदेश मंत्रियों ने की बात

Iran, US Israel War News Live Updates in Hindi: ईरान और इजराइल-अमेरिका युद्ध लगातार बढ़ता जा रहा है और एक दूसरे पर हमले के बाद सुलह की कोई तस्वीर नजर नहीं आ रही है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तेहरान 48 घंटों के भीतर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता है, तो देश के ऊर्जा-बिजली ढांचे पर हमले किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अगर निर्धारित समय सीमा के भीतर जलमार्ग पूरी तरह से सुरक्षित नहीं खोला जाता है, तो अमेरिका सबसे बड़े संयंत्र से शुरू करके ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमला करके उन्हें नष्ट कर देगा। वहीं, इजरायल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच अब परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इजरायली सेना (IDF) ने पुष्टि की है कि शनिवार को ईरान ने अराद और डिमोना (Dimona) शहर पर हमले किए। इजरायली सेना ने कहा कि ईरान ने मिसाइल के जरिए डिमोना शहर पर हमला किया। इस हमले में 47 लोग घायल हो गए। डिमोना शहर में इजरायल का अत्यंत संवेदनशील परमाणु अनुसंधान केंद्र स्थित है। इजराइल पर ईरान के मिसाइल हमले के बीच अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने कहा है कि उसे इजराइल के नेगेव परमाणु अनुसंधान केंद्र को किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली है। जानिए ईरान युद्ध पर हर बड़ा अपडेट--
Iran, US War News Live Updates: रियाद में धमाके की आवाज सुनाई दी....ईरान के साथ समझौते की बहुत अच्छी संभावना-ट्रंप; पाकिस्तान-ईरान के विदेश मंत्रियों ने की बात


  • कतर में समुद्री क्षेत्र में हेलिकॉप्टर हादसे में 6 की मौत
  • ट्रंप ने ईरान को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
  • ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की धमकी
  • ईरान ने किया इजराइल के परमाणु केंद्र पर हमला
  • IAEA ने कहा, इजराइल के नेगेव परमाणु केंद्र को नुकसान की खबर नहीं
  • डिएगो गार्सिया स्थित अमेरिकी-ब्रिटिश सैन्य अड्डे पर ईरानी मिसाइल हमला
  • ईरान के साथ समझौते की बहुत अच्छी संभावना-ट्रंप
Mar 24, 2026 | 07:02 AM IST

बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप से की बात

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट किया, आज सुबह मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना ​​है कि अमेरिकी सेना के साथ हमने जो शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं, उनका लाभ उठाकर हम समझौते में बताए गए युद्ध उद्देश्यों को पूरा कर सकते हैं - एक ऐसा समझौता जो हमारे महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेगा। साथ ही, हम ईरान और लेबनान दोनों पर हमले जारी रखे हुए हैं। हम मिसाइल कार्यक्रम और परमाणु कार्यक्रम को कुचल रहे हैं और हिजबुल्लाह पर लगातार हमले कर रहे हैं। कुछ ही दिन पहले हमने दो और परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराया है। हम किसी भी परिस्थिति में अपने महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेंगे।
Mar 24, 2026 | 07:00 AM IST

रियाद में धमाके की आवाज सुनाई दी

कुछ अरब मीडिया ने पूर्वी सऊदी अरब में अमेरिकी संपत्तियों पर ड्रोन हमले की खबर दी। वहीं, कुवैत ने मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब देने की बात कही।
कुवैती सेना ने कहा है कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली वर्तमान में दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है।
Mar 24, 2026 | 06:48 AM IST

ईरान के साथ समझौते की बहुत अच्छी संभावना-ट्रंप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच “काफी अच्छी बातचीत” हो रही है, जो संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक समझौते तक पहुंच सकती है। “वे गंभीर हैं,” ट्रंप ने मेम्फिस में एक सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में कहा, हालांकि ईरानी अधिकारी यह लगातार नकारते रहे हैं कि कोई बातचीत हो रही है। ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन ईरान के साथ “काफी लंबे समय से” बातचीत कर रहा है और उन्हें लगता है कि समझौता करीब है। लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन वार्ताओं में कौन शामिल है। वहीं, ईरान के संसद अध्यक्ष और विदेश मंत्री ने सोमवार को फिर से किसी भी तरह की बातचीत होने से इनकार किया। ट्रंप ने कहा-'वे शांति चाहते हैं और उन्होंने यह मान लिया है कि वे परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे, वगैरह-वगैरह, लेकिन हम देखेंगे।'
Mar 23, 2026 | 11:48 PM IST

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने की बात, कूटनीति पर रहा जोर

इस बीच, ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने बातचीत की। फोन कॉल के दौरान पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक ने क्षेत्र और उससे परे शांति,सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने में संवाद और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।
Mar 23, 2026 | 11:17 PM IST

ईरान को कभी भी परमाणु हथियार न मिले, इसे करेंगे सुनिश्चित -ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अब हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। यह कल रात शुरू हुई, उससे थोड़ी देर पहले वाली रात। मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छे हैं। वे शांति चाहते हैं। वे इस बात पर सहमत हुए हैं कि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होगा। लेकिन हम देखेंगे... उम्मीद है, हम एक ऐसी डील कर पाएंगे जो हम सभी के लिए अच्छी हो, जिसमें मध्य पूर्व के साथी भी शामिल हैं जो हमारे लिए बहुत अच्छे रहे हैं,जिसमें इज़राइल भी शामिल है, जो इस लड़ाई में एक बेहतरीन पार्टनर रहा है। लेकिन हम देखेंगे कि क्या होता है। मुझे लगता है कि इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि हम एक डील पर पहुंच जाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले बताया था, पिछले दो दिनों में यूनाइटेड स्टेट्स और ईरान के बीच हुई शुरुआती बातचीत के आधार पर, मैंने डिपार्टमेंट ऑफ़ वॉर को ईरान में बड़े एनर्जी और बिजली टारगेट पर प्लान किए गए हमलों को कुछ समय के लिए टालने का निर्देश दिया है... लेकिन यह तय करने के लिए कि क्या कोई बड़ा समझौता हो सकता है, हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई है। बहुत, बहुत अच्छी बातचीत हुई है...तो, उम्मीद है कि यह मुमकिन होगा, लेकिन चाहे कुछ भी हो, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार न मिले..."
Mar 23, 2026 | 07:56 PM IST

अमेरिकी शेयर बाजार में ट्रंप के दावे के बाद तेजी

ट्रंप के बयानों का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखा है। उनके वार्ता में सकारात्मक प्रगति के दावे के बाद शेयर बाजारों में तेजी आई, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में पहले गिरावट आई, लेकिन बाद में ब्रेंट क्रूड फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया।
Mar 23, 2026 | 07:53 PM IST

इजरायल ने किया तेहरान पर हमला

इस बीच, पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है। इजरायल द्वारा तेहरान पर हमलों की खबरें सामने आई हैं, जबकि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों ने लेबनान में अपने मुख्यालय पर हमले की पुष्टि की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस मुद्दे पर हलचल तेज है। जर्मनी ने ईरान के बिजली संयंत्रों पर संभावित अमेरिकी हमले को लेकर चिंता जताई है, वहीं तुर्की ने संभावित मध्यस्थता पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
Mar 23, 2026 | 07:36 PM IST

ईरान से वार्ता पर ट्रंप के नए दावे

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप का कहना है कि ईरान 'समझौता करना चाहता है। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया है कि अमेरिकी दूत एक 'सम्मानित'ईरानी नेता के साथ बातचीत कर रहे हैं। इसमें दोनों पक्षों के बीच कई अहम बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही बातचीत हो सकती है।

ट्रंप ने कहा कि आज फोन पर बातचीत संभव है और वह जल्द ही आमने-सामने मुलाकात की भी उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि समझौते के बाद यह खुलासा किया जाएगा कि पैसा किसे मिलेगा।

ईरान के नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए ट्रंप ने कहा कि मौजूदा हालात में यह स्पष्ट नहीं है कि सर्वोच्च नेता की स्थिति क्या है, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह ईरान के किसी भी नेता की हत्या नहीं चाहते।
Mar 23, 2026 | 07:25 PM IST

यूएसएस गेराल्ड आर.फोर्ड लौटा क्रीट

मध्य पूर्व युद्ध अभियान में शामिल विश्व का सबसे बड़ा विमानवाहक पोत यूएसएस गेराल्ड आर.फोर्ड सोमवार को क्रीट में एक नौसैनिक अड्डे पर लौट आया।
Mar 23, 2026 | 05:17 PM IST

ईरानी मीडिया ने खारिज किया ट्रंप का दावा​

इस बीच, ट्रंप के वार्ता के दावे को ईरान ने खारिज भी कर दिया है। ईरान ने कहा है कि ट्रंप के साथ उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है। ईरान ने कहा है कि ट्रंप हमारी बदले की कार्रवाई से डर गए हैं। ईरानी मीडिया ने ये दावा किया है।
Mar 23, 2026 | 04:05 PM IST

ब्रिटेन पर ईरान के हमलों के दावों को पीएम कीर स्टार्मर ने किया खारिज

ईरान द्वारा ब्रिटेन को निशाना बनाए जाने के दावे को लेकर ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर का बयान आया है। उन्होंने इन दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई आकलन नहीं है।
Mar 23, 2026 | 02:52 PM IST

ईरान ने जमीनी आक्रमण होने पर फारस की खाड़ी में बारूदी सुरंगें बिछाने की धमकी दी

ईरान की रक्षा परिषद ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर जमीनी आक्रमण हुआ, तो वह पूरे फारस की खाड़ी में समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछा सकता है। रक्षा परिषद का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब तेहरान में इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि अमेरिकी मरीन नौसैनिक क्षेत्र में तैनात किए जा सकते हैं। रक्षा परिषद ने कहा, दुश्मन द्वारा ईरान के तटों या द्वीपों को निशाना बनाने का कोई भी प्रयास स्वाभाविक रूप से और स्थापित सैन्य प्रथाओं के अनुसार फारस की खाड़ी और तटीय इलाकों में पहुंच के सभी मार्गों को बारूदी सुरंगों से भर देने का कारण बनेगा। इस बीच, अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य को ऊर्जा आपूर्ति के लिए फिर से खोलने की कोशिश कर रहा है, जो फारस की खाड़ी का संकरा प्रवेश द्वार है। इस मिशन को समर्थन देने के लिए अमेरिकी मरीन नौसैनिक ईरान के द्वीपों या उसके तटीय क्षेत्रों पर कब्जा करने के लिए उतर सकते हैं। वहीं, इजराइल ने भी संकेत दिया है कि युद्ध के दौरान जमीनी अभियान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
Mar 23, 2026 | 02:30 PM IST

रात भर दक्षिणी लेबनान में कई हवाई हमले

रात भर में दक्षिणी लेबनान में कई हवाई हमले हुए हैं, जिनमें सीमा के पूर्वी हिस्से में स्थित खियाम और नबातीह से लेकर टायर के पास चेहाबियेह नगर पालिका तक के इलाके शामिल हैं। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, इन हमलों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। ये हवाई हमले एक जमीनी अभियान का हिस्सा हैं, जो इजरायली सीमा के पास स्थित गांवों के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर केंद्रित है, खासकर खियाम में जहां सेनाएं शहर के अंदर मौजूद हैं, लेकिन अभी तक शहर पर उनका पूर्ण नियंत्रण नहीं है। हिजबुल्लाह उस शहर के आसपास तैनात इजरायली सैनिकों पर लगातार रॉकेट दाग रहा है, और पिछले 24 घंटों में हिजबुल्लाह के अभियानों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।
Mar 23, 2026 | 02:21 PM IST

संयुक्त अरब अमीरात का परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी शामिल

इस धमकी के बाद ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने ऐसे संयंत्रों की एक सूची प्रकाशित की, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात का परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी शामिल है। पिछले दिन ईरान ने इजराइल के डिमोना को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं, जो उसके लंबे समय से संदिग्ध परमाणु हथियार कार्यक्रम के लिए सबसे अहम केंद्र के पास स्थित है। हालांकि, हमले में इजराइली संयंत्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
Mar 23, 2026 | 01:07 PM IST

ईरानी मीडिया ने जारी की खााड़ी देशों के बिजली और वॉटर स्टेशनों की सूची

ईरान ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उसके बिजली संयंत्रों पर बमबारी करने की अपनी धमकी पर अमल करते हैं, तो वह पूरे मध्य पूर्व में बिजली संयंत्रों पर हमला करेगा। तेहरान की इस धमकी से खाड़ी अरब देशों में बिजली और पानी दोनों की आपूर्ति खतरे में पड़ गई है, खासकर तब जब इन रेगिस्तानी देशों में बिजली संयंत्रों के साथ-साथ खारे पानी को मीठा करने वाले संयंत्र भी हैं, जो पीने के पानी की आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी हैं।
Mar 23, 2026 | 12:48 PM IST

ईरान के तबरीज़ में घरों और पार्क पर हुए हमलों में छह लोग मारे गए: रिपोर्ट

ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के संकट प्रबंधन महानिदेशक माजिद फरशी ने बताया कि तब्रीज़ शहर में दो घातक हमले हुए हैं। उन्होंने फार्स समाचार एजेंसी को बताया कि मरजदारान इलाके में एक आवासीय इकाई पर हुए हमले में चार लोग मारे गए और छह घायल हो गए, जबकि राबे रशीदी के एक पार्क में दो अन्य लोग मारे गए। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी और अमेरिकी या इजराइली अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
Mar 23, 2026 | 12:04 PM IST

ईरान में 1,500 से अधिक की मौत

युद्ध में मरने वालों की संख्या ईरान में 1,500 से अधिक, लेबनान में 1,000 से अधिक, इज़राइल में 15 और अमेरिकी सेना के 13 सदस्यों तक पहुंच गई है। इसके अलावा खाड़ी क्षेत्र में जमीन और समुद्र पर कई नागरिक भी मारे गए हैं। लेबनान और ईरान में लाखों लोग विस्थापित हो गए हैं।
Mar 23, 2026 | 11:41 AM IST

'योजना के अनुसार या उससे आगे' चल रहा है ईरान के खिलाफ अभियान, US सेंट्रल कमांड का बयान

अमेरिकी सेना के केंद्रीय कमान के शीर्ष कमांडर ने कहा है कि ईरान के खिलाफ अभियान "योजना के अनुसार या उससे आगे" चल रहा है। वहीं, इजराइली सेना ने सोमवार तड़के ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए। अमेरिकी नौसेना के एडमिरल ब्रैड कूपर ने फारसी भाषा के उपग्रह नेटवर्क ईरान इंटरनेशनल को युद्ध के दौरान अपना पहला व्यक्तिगत इंटरव्यू, जिसे सोमवार तड़के प्रसारित किया गया। ईरानी मीडिया ने तेहरान को निशाना बनाकर किए गए नए हवाई हमलों की सूचना दी, लेकिन लक्षित स्थलों की पहचान नहीं बताई।
Mar 23, 2026 | 10:44 AM IST

अरब देशों के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले की धमकी

बयान में कहा गया है, हमने यह घोषणा की है कि अगर बिजली संयंत्रों पर हमला किया जाता है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई करते हुए कब्जा करने वाले शासन के बिजली संयंत्रों और उन क्षेत्रीय देशों के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाएगा जो अमेरिकी ठिकानों को बिजली की आपूर्ति करते हैं। साथ ही उन आर्थिक, औद्योगिक और ऊर्जा ढांचों को भी निशाना बनाएगा जिनमें अमेरिकियों की हिस्सेदारी है। बयान में इजरायल को “कब्जा करने वाला शासन” बताया गया है।
Mar 23, 2026 | 10:44 AM IST

ईरान के तेवर सख्त, ऊर्जा संयंत्रों पर दी हमले की धमकी

Iran Threatens To Attack West Asia Energy Plants: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को खोले जाने का अल्टीमेटम का समय नजदीक आने के साथ ही ईरान के तेवर सख्त होते जा रहे हैं। ईरान ने सोमवार को पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बिजली आपूर्ति करने वाले बिजली संयंत्रों पर हमले की धमकी दी। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड का नया बयान खाड़ी अरब देशों पर अपने हमलों को सही ठहराने का तेहरान का एक और कदम है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने सोमवार सुबह इस बयान को प्रसारित किया।
Mar 23, 2026 | 09:54 AM IST

पश्चिम एशिया में स्थिति बहुत गंभीर, ऊर्जा संकट बदतर- IEA

अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने चेतावनी दी है कि पश्चिम एशिया में स्थिति बहुत गंभीर है और 1970 के दशक के दो ऊर्जा संकटों से भी बदतर है। ऑस्ट्रेलिया के नेशनल प्रेस क्लब को संबोधित करते हुए बिरोल ने कहा कि मौजूदा संकट का सबसे बड़ा समाधान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना है, जिसे ईरान ने अमेरिका-इजरायल के हमले के बाद प्रभावी रूप से अवरुद्ध कर दिया है।
Mar 23, 2026 | 09:12 AM IST

आईडीएफ ने ईरान में कई सुरक्षा निकायों को निशाना बनाया

इससे पहले, आईडीएफ ने कहा कि उसने व्यापक हमलों की एक लहर में ईरान में कई सुरक्षा निकायों को निशाना बनाया है। इनमें सैनिकों के प्रशिक्षण और विमानों को निशाना बनाने वाली मिसाइल प्रणालियों के भंडारण के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक सैन्य अड्डा, रक्षा मंत्रालय का एक हथियार उत्पादन और भंडारण केंद्र, आईआरजीसी की वायु सेना का एक हथियार उत्पादन स्थल, ईरानी खुफिया मंत्रालय का मुख्यालय और आंतरिक सुरक्षा बलों का आपातकालीन मुख्यालय शामिल हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल ने यह भी बताया कि रविवार को मध्य इजराइल में एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल द्वारा क्लस्टर बम गिराए जाने से पंद्रह लोग घायल हो गए। इन धमाकों से कई घरों और सड़कों को नुकसान पहुंचा। जाफा में एक प्रक्षेपास्त्र एक आवासीय इमारत से टकराया, और पेटाह टिकवा में हुए एक धमाके से एक आवासीय क्षेत्र में आग लग गई, लेकिन कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
Mar 23, 2026 | 08:58 AM IST

IDF ईरान पर हमलों की एक नई लहर शुरू की

इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) ने सोमवार को ईरान में लक्ष्यों पर हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी है। अपने बयान में आईडीएफ ने कहा कि उसने तेहरान में ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए व्यापक हमलों की एक लहर शुरू की है। टाइम्स ऑफ इजराइल के अनुसार, इजराइल में ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद मध्य इजराइल में कई स्थानों पर क्लस्टर बम गिरने से नुकसान हुआ, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Mar 23, 2026 | 08:40 AM IST

पाकिस्तान ने उच्च-ऑक्टेन ईंधन की कीमत बढ़ाई

पाकिस्तान ने रविवार को उच्च-ऑक्टेन ईंधन की कीमत में 200 पाकिस्तानी रुपये (पीकेआर) की वृद्धि करने का फैसला लिया है, जो पहले 100 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 300 पाकिस्तानी रुपये हो जाएगी। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विलासितापूर्ण वाहनों में इस्तेमाल होने वाले उच्च-ऑक्टेन ईंधन पर शुल्क में इस अहम बढो़तरी को मंजूरी दी। यह फैसला शरीफ की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया, जहां उन्होंने ईंधन मूल्य निर्धारण और आर्थिक राहत से संबंधित मामलों की समीक्षा की।
Mar 23, 2026 | 06:36 AM IST

अबू धाबी में मलबा गिरने से एक भारतीय नागरिक घायल

अबू धाबी के संबंधित अधिकारियों ने अल शवामेख इलाके में हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद मलबा गिरने की घटना पर कार्रवाई की है। इस घटना में एक भारतीय नागरिक को मामूली चोटें आई हैं।
Mar 23, 2026 | 06:35 AM IST

अमेरिकी नागरिकों के लिए अलर्ट

अमेरिकी विदेश विभाग के कांसुलर मामलों के विभाग ने ट्वीट किया, विश्वव्यापी चेतावनी: विदेश विभाग दुनिया भर में और विशेष रूप से मध्य पूर्व में रहने वाले अमेरिकियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह देता है। विदेश में रहने वाले अमेरिकियों को निकटतम अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास द्वारा जारी सुरक्षा चेतावनियों में दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए। समय-समय पर हवाई क्षेत्र बंद होने से यात्रा में बाधा आ सकती है। मध्य पूर्व के बाहर सहित अमेरिकी राजनयिक सुविधाओं को निशाना बनाया गया है। ईरान समर्थक समूह विदेशों में अन्य अमेरिकी हितों या दुनिया भर में संयुक्त राज्य अमेरिका और/या अमेरिकियों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं।
Mar 23, 2026 | 06:35 AM IST

अमेरिका ने दुनियाभर में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की

ईरान युद्ध लगातार जारी है और दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर हमले के बाद हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच अमेरिका ने दुनियाभर में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इससे युद्ध के और तेज होने का संकेत मिलता है। इसमें कहा गया है कि ईरान समर्थक समूह विदेशों में अन्य अमेरिकी हितों या दुनिया भर में संयुक्त राज्य अमेरिका और अमेरिकियों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं। बता दें कि ईरान मध्य पूर्व देशों में स्थिति अमेरिकी संपत्तियों को बड़े पैमाने पर निशाना बना रहा है।
Mar 22, 2026 | 07:13 PM IST

पोप लियो ने मिडिल ईस्ट युद्ध को पूरी मानवता के लिए कलंक बताया

पोप लियो ने मिडिल ईस्ट युद्ध पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने इस युद्ध को पूरी मानवता के लिए कलंक बताया। उन्होंने तुरंत युद्धविराम की अपील करते हुए कहा कि हिंसा से हो बड़े पैमाने पर मौत हो रही हैं। निर्दोष लोगों की तकलीफ पूरी दुनिया को प्रभावित करती है। उनका यह बयान सेंट पीटर्स स्क्वायर में एंजेलस प्रार्थना के दौरान आया है।
Mar 22, 2026 | 06:56 PM IST

ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा, बीते 48 घंटो में साफ हुआ- नेतन्याहू

अराद में मिसाइल हमले वाली जगह पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा अगर आप इस बात का सबूत चाहते हैं कि ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा है,तो पिछले 48 घंटों ने इसे साबित कर दिया है। पिछले 48 घंटों में ईरान ने एक नागरिक क्षेत्र को निशाना बनाया।
Mar 22, 2026 | 06:55 PM IST

ईयू की विदेश नीति के प्रमुख ने की अब्बास अराघची से चर्चा

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात की है। यूरोपीय संघ के एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।
Mar 22, 2026 | 05:56 PM IST

ईरान ने यूएई पर दागीं 4 बैलिस्टिक मिसाइलें, ड्रोन से भी किए हमले

संयुक्त अरब अमीरात का कहना है कि रविवार को ईरान ने उस पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें और 25 ड्रोन दागे।
Mar 22, 2026 | 04:30 PM IST

'सभी स्वतंत्र देश अमेरिका और इजरायल पर डालें जंग रोकने का दबाव',ईरानी विदेश मंत्री ने शर्त भी रखी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने युद्ध की समाप्ति के लिए सभी स्वतंत्र देशों से अमेरिका और इजरायल पर दबाव डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों पर ईरान के खिलाफ युद्ध रोकने के लिए दबाव डालें। उन्होंने कहा कि जंग रोकने के लिए यह गारंटी आवश्यक होगी कि ईरान पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।
Mar 22, 2026 | 04:07 PM IST

इजराइल ने लेबनान की लिटानी नदी पर बने सभी पुलों को नष्ट करने का आदेश दिया

इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने लेबनान की लिटानी नदी पर बने सभी पुलों को नष्ट करने का आदेश दिया। काट्ज ने रविवार को लेबनान के ईरान समर्थित आतंकवादी समूह पर इजरायल की सीमा से लगभग 30 किलोमीटर (18.5 मील) उत्तर में स्थित जलमार्ग पर बने पुलों का उपयोग करके लड़ाकों और हथियारों को दक्षिणी लेबनान में पहुंचाने का आरोप लगाया।
Mar 22, 2026 | 03:21 PM IST

मध्य और उत्तरी इजराइल में हवाई हमले के सायरन

मध्य और उत्तरी इजराइल में हवाई हमले के सायरन बज रहे हैं। चैनल 12 के अनुसार, ईरान की ओर से हुए मिसाइल हमले से मध्य इजराइल में दहशत फैल गई है, जबकि लेबनान की ओर से रॉकेट हमले से देश के उत्तरी हिस्से में दहशत का माहौल है। इजराइली एम्बुलेंस सेवा का हवाला देते हुए, चैनल ने बताया कि मध्य इजराइल में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन उत्तरी हिस्से में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
Mar 22, 2026 | 02:41 PM IST

कतर के समुद्री क्षेत्र में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह लोगों की मौत

कतर के समुद्री क्षेत्र में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई, एक व्यक्ति लापता: कतर।
Mar 22, 2026 | 02:08 PM IST

पश्चिम एशिया संघर्ष: ऊर्जा स्थिति की समीक्षा के लिए मोदी ने मंत्रिस्तरीय बैठक बुलाई

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम को वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति के मद्देनजर पेट्रोलियम, बिजली और उर्वरक क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्बाध आपूर्ति, स्थिर रसद और देश भर में कुशल वितरण सुनिश्चित करना है, और सरकार इस दिशा में सक्रिय कदम उठा रही है। सूत्रों ने कहा कि उपभोक्ता और उद्योग हितों की रक्षा के लिए वैश्विक घटनाक्रमों की निरंतर निगरानी सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। 12 मार्च को पीएम मोदी ने कहा था कि पश्चिम एशिया में युद्ध ने वैश्विक ऊर्जा संकट को जन्म दिया है, जो राष्ट्रीय चरित्र की एक गंभीर परीक्षा है और इसके लिए शांति, धैर्य और जन जागरूकता बढ़ाकर परिस्थितियों से निपटना आवश्यक है।
Mar 22, 2026 | 12:40 PM IST

ईरान की अनुमति से विदेशी जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं

ईरान के राजदूत का कहना है कि विदेशी जहाज ईरान की अनुमति से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं। अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन में ईरान के प्रतिनिधि ने कहा कि सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्था के लिए ईरानी सरकार के समन्वय से विदेशी जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं। ब्रिटेन में भी ईरान के राजदूत अली मूसावी ने मेहर समाचार एजेंसी को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों के साथ-साथ ईरान की क्षेत्रीय अखंडता और अधिकारों का सम्मान भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईरान समुद्री सुरक्षा में सुधार और नाविकों की सुरक्षा के लिए आईएमओ और अन्य देशों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। मूसावी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य केवल ईरान के शत्रुओं के लिए बंद है, और उन्होंने आगे कहा कि खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूदा स्थिति की जड़ अमेरिका और इजराइल द्वारा छेड़ा गया युद्ध है।
Mar 22, 2026 | 11:35 AM IST

ईरान ने अमेरिका को धमकाया

तनाव बढ़ने की संभावना पर बोलते हुए ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागरी ने कहा, अगर ईरान के ईंधन और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर दुश्मन द्वारा हमला किया जाता है, तो अमेरिका और क्षेत्र में शासन से संबंधित सभी ऊर्जा बुनियादी ढांचे, सूचना प्रौद्योगिकी प्रणालियों और विलवणीकरण सुविधाओं को निशाना बनाया जाएगा। सीबीएस न्यूज से बात करने वाले मामले से अवगत विभिन्न सूत्रों के अनुसार, पेंटागन के रक्षा अधिकारियों ने ईरान में अमेरिकी जमीनी सैनिकों की संभावित तैनाती के लिए व्यापक रणनीतियां तैयार की हैं।
Mar 22, 2026 | 10:52 AM IST

हमारे ऊर्जा प्लांट पर हमला हुआ तो US एनर्जी और IT सिस्टम पर करेंगे हमला- ईरान

ईरान ने अपने घरेलू ऊर्जा और ईंधन क्षेत्रों को निशाना बनाकर की जाने वाली किसी भी सैन्य कार्रवाई के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है। ईरान ने अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों की संपत्तियों के खिलाफ बड़ी जवाबी कार्रवाई की बात कही है। ईरानी सरकारी मीडिया, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के अनुसार, यह धमकी ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागरी ने दी। जोल्फागरी ने संकेत दिया कि तेहरान की जवाबी कार्रवाई का दायरा पारंपरिक सैन्य लक्ष्यों से आगे बढ़कर महत्वपूर्ण नागरिक और तकनीकी बुनियादी ढांचे तक फैला होगा।
Mar 22, 2026 | 10:11 AM IST

ईरान के खिलाफ 22 देशों का होर्मुज पर संयुक्त बयान

संयुक्त अरब अमीरात, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, जापान, कनाडा, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड, डेनमार्क, लातविया, स्लोवेनिया, एस्टोनिया, नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड, चेकिया, रोमानिया, बहरीन, लिथुआनिया और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं का होर्मुज जलडमरूमध्य पर संयुक्त बयान दिया है। बयान में कहा गया है, हम खाड़ी में निहत्थे वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान द्वारा किए गए हालिया हमलों, तेल और गैस प्रतिष्ठानों सहित नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों और ईरानी सेना द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को वस्तुतः बंद करने की कड़ी निंदा करते हैं। हम बढ़ते संघर्ष पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हैं। हम ईरान से आग्रह करते हैं कि वह अपनी धमकियों, बारूदी सुरंग बिछाने, ड्रोन और मिसाइल हमलों और वाणिज्यिक जहाजों के लिए जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने के अन्य प्रयासों को तुरंत बंद करे और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का पालन करे।