दुनिया

भारत की जन्म दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आई, दिल्ली की प्रजनन दर अब फिनलैंड से भी कम : एलन मस्क

मस्क ने मीडिया संस्थान एएफ पोस्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह कहा। एएफ पोस्ट ने सोशल मीडिया मंच पर कहा था कि भारत की प्रजनन दर देश के इतिहास में पहली बार प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई है...

Image

भारत की गिरती जन्मदर पर एलन मस्क ने क्या कहा

Photo : AP

Elon Musk on India Birth Rate: स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि भारत में जन्म दर जनसंख्या को स्थिर रखने के लिए आवश्यक प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है। अरबपति कारोबारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, भारत की जन्म दर प्रतिस्थापन स्तर से नीचे आ गई है। सबसे अधिक शिक्षित लोगों में, भारत में जन्म दर कई साल पहले ही प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई थी।

पहली बार प्रतिस्थापन स्तर से नीचे गई जन्मदर

मस्क ने मीडिया संस्थान एएफ पोस्ट के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह कहा। एएफ पोस्ट ने सोशल मीडिया मंच पर कहा था कि भारत की प्रजनन दर देश के इतिहास में पहली बार प्रतिस्थापन स्तर से नीचे चली गई है और केवल एक दशक में कुल प्रजनन दर (टीएफआर) 2.3 से घटकर 1.9 रह गई है। दिल्ली की प्रजनन दर अब 1.2 है जो फिनलैंड से भी कम है। एएफ पोस्ट ने द इकोनॉमिस्ट में चार जून को प्रकाशित एक लेख का हवाला दिया था, जिसका शीर्षक था, भारत की आबादी जल्द ही घटने लगेगी-संभवतः काफी तेजी से।

भारत की मौजूदा जनसंख्या 1.46 अरब

भारत की मौजूदा जनसंख्या 1.46 अरब से अधिक है और 2023 में इसने चीन को पीछे छोड़ते हुए विश्व का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया। संयुक्त राष्ट्र वन्यजीव संरक्षण प्राधिकरण (UNFPA) की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इसकी प्रजनन दर में गिरावट आई है, फिर भी भारत की जनसंख्या एक अरब से अधिक है और स्वास्थ्य और शिक्षा में महत्वपूर्ण सुधार के बावजूद व्यापक असमानताएं बनी हुई हैं। मातृ मृत्यु दर और लैंगिक भेदभाव अभी भी अधिक हैं। कम उम्र में विवाह और गर्भावस्था 24 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं में अत्यधिक मातृ मृत्यु का कारण बनते हैं।

इसके क्या मायने?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की कुल प्रजनन दर घटकर प्रति महिला 1.9 बच्चे पर आ गई है। इसका मतलब है कि औसतन एक महिला अब अपने जीवनकाल में पहले की तुलना में कम बच्चे पैदा कर रही है। यह आंकड़ा आबादी को स्थिर रखने के लिए जरूरी जन्मदर से काफी नीचे है, जो लंबी अवधि में जनसंख्या वृद्धि को बनाए रखने के लिए बेहद अहम है। विशेषज्ञों को अब ऐसी चिंताएं सताने लगी है कि अगर यही रुझान जारी रहा तो आने वाले दशकों में भारत की जनसंख्या पहले अपने चरम पर पहुंचेगी और फिर तेजी से गिरावट आएगी। ऐसे में 'युवा भारत' वृद्ध हो सकता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article