Indian Army In Maldives: मालदीव में सालों से मौजूद भारतीय सैनिकों को अब वहां की सरकार ने वहां से हटाने का भारत से अनुरोध किया है। मालदीव में भारत के कितने सैनिक हैं ये पता नहीं, लेकिन इसे लेकर वहां की राजनीति गर्माती रही है। वर्तमान सरकार इसी मुद्दे पर सत्ता में आई है, जिसके बाद उसने शपथ लेते ही भारत के सामने यह अनुरोध कर दिया है।
मालदीव ने भारत से अपने सैनिकों को वापस बुलाने के लिए औपचारिक रूप से अनुरोध किया (फोटो-@KirenRijiju)
ये भी पढ़ें- जिन देशों को भारत के दुश्मनों ने बना रखा था सुरक्षित पनाहगाह, अब वहीं हो रहा मौत से सामना, देखिए लिस्ट
रिजिजू से मुलाकात
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने औपचारिक रूप से भारत सरकार से अपनी सैन्य उपस्थिति वापस लेने का अनुरोध किया है। अनुरोध को राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा एक आधिकारिक बयान के माध्यम से सार्वजनिक किया गया है। मालदीव के राष्ट्रपति के कार्यालय द्वारा की गई घोषणा में कहा गया है कि उनका देश "उम्मीद करता है कि भारत लोगों की लोकतांत्रिक इच्छा का सम्मान करेगा"। यह अनुरोध तब किया गया जब मुइज्ज़ू ने दिन में माले में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की।
जनादेश की दिलाई याद
राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा- "बैठक में, राष्ट्रपति मुइज्जू ने औपचारिक रूप से भारत सरकार से मालदीव से अपने सैन्यकर्मियों को वापस बुलाने का अनुरोध किया। राष्ट्रपति ने कहा कि सितंबर में हुए राष्ट्रपति चुनाव में मालदीव के लोगों ने उन्हें भारत से यह अनुरोध करने के लिए एक मजबूत जनादेश दिया था और उम्मीद जताई कि भारत, मालदीव के लोगों की लोकतांत्रिक इच्छा का सम्मान करेगा।"
भारत का नहीं लिया नाम
शुक्रवार को शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, मुइज्जू ने जोर देकर कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि उनका देश अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए किसी भी विदेशी सैन्य उपस्थिति से मुक्त रहे। हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में किसी देश का नाम नहीं लिया।
