खालिस्तानी सोच को जवाब देने के लिए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में दर्जनों की संख्या में भारतीयों लोगों ने पीस रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने उसी जगह पर तिरंगा फहरा दिया, जहां खालिस्तानियों ने तिरंगे का अपमान किया था।
खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह द्वारा सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास में तोड़फोड़ किए जाने के कुछ दिनों बाद, प्रवासी शुक्रवार को इमारत के बाहर इकट्ठा हुए और इस घटना के खिलाफ एकजुटता में तिरंगा लहराया।
भारत की एकता के समर्थन के रूप में सैन फ्रांसिस्को में अपने वाणिज्य दूतावास के बाहर शांति रैली के लिए भारतीय अमेरिकियों की भारी भीड़ उमड़ी। खालिस्तान का विरोध करते हुए भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने 'वंदे मातरम' और अन्य नारे लगाए। इस दौरान लोग तिरंगे के साथ अमेरिकी झंडा भी लिए हुए थे।
रविवार को, खालिस्तानी समर्थकों ने वाणिज्य दूतावास की इमारत पर हमला बोल दिया था। तब अलगाववादी आंदोलन के समर्थन में झंडे लगाए गए थे, जिन्हें बाद में वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों ने हटा दिया था। इस घटना पर प्रवासी भारतीयों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
