Rahul Gandhi US Visit: अमेरिका पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना की है। राहुल ने कहा कि 'बड़े पैमाने पर बेरोजगारी एवं देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था एक बड़े खतरे की तरफ बढ़ रही है।' राहुल ने यह बात कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। छात्रों एवं शिक्षको को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि 'भारत आर्थिक आपदा के द्वार पर खड़ा है, यह सच्चाई है।'
अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी। तस्वीर-INC
भारत में बेरोजगारी की समस्या-राहुल
कांग्रेस नेता ने कहा, 'इसे नजरअंदाज किया जा सकता है और मीडिया भी इस पर पर्दा डाल सकता है, लेकिन देश में बेरोजगारी की गंभीर समस्या है। साथ ही शिक्षा व्यवस्था भी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन के सवाल का जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि मौजूदा हालात से निराश युवाओं का एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा भी हासिल की है। उन्होंने कहा कि युवाओं की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य की कोई उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है।
माता-पिता की सलाह पर सवाल उठा रहे युवा
राहुल गांधी ने कहा, 'हम इस मुद्दे का अध्ययन कर रहे हैं और इसकी वजह काफी दिलचस्प है। असल में युवा अपने लिए कोई भविष्य नहीं देख पा रहे हैं।' युवाओं और उनके माता-पिता के बीच करियर और रोजगार को लेकर बढ़ते मतभेदों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अब अपने माता-पिता की सलाह और उनके अनुभवों पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि आप सफल नहीं हुए, आपके पास नौकरी नहीं है, इसलिए आप हमें वही रास्ता अपनाने की सलाह नहीं दे सकते, जिस पर चलकर आपको सफलता नहीं मिली।
राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ शैक्षणिक संवाद किया। आज उनका शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है।
'लोग डर की वजह से अपने विचार रखने से डरते हैं'
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बहुत शक्तिशाली है और लोग अपने विचार खुलकर रखने से डरते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य की रक्षा के लिए माता-पिता को आगे आना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि दबाव एक निश्चित सीमा से आगे बढ़ता है, तो मौजूदा सरकार कठोर रवैया अपना सकती है। यहां तक कि वह हिंसक या आक्रामक तरीके से भी कार्रवाई कर सकती है।
ब्राजील, फ्रांस, भारत के घटनाक्रमों पर बोले राहुल
कांग्रेस नेता ने कहा कि 'दुनिया के कई देशों में ऐसा क्यों हो रहा है? अमेरिका में ऐसा क्यों हो रहा है? ब्राजील में ऐसा क्यों हो रहा है? दुनिया के इतने अलग-अलग देशों में एक जैसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं? ऐसा नहीं हो सकता कि ये सभी देश एक ही समय में एक जैसे निष्कर्ष पर पहुंच रहे हों और उनके बीच कोई संबंध ही न हो। मेरे विचार से भारत या फ्रांस में जो कुछ हो रहा है, उसे दुनिया में हो रहे घटनाक्रमों से अलग करके नहीं देखा जा सकता। इसके पीछे व्यापक वैश्विक आर्थिक ढांचा और उसमें हो रहे बदलाव भी जिम्मेदार हैं। मेरे मुताबिक, इन सभी घटनाओं के बीच गहरा संबंध है।'
