आतंकवादियों के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक से पाकिस्तान इतना बौखला गया है कि उसने भारत में ड्रोन और मिसाइल हमले शुरू कर दिए। जिसके बाद भारत की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की गई है। पाकिस्तान के DG ISPR लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने 9-10 मई की रात प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि भारत ने पाकिस्तान के तीन एयरबेस पर हमला बोला है। DG ISPR ने जानकारी दी कि भारत ने उसके तीन एयरबेस नूर खान, मुरीद एयरबेस और शोरकोट एयरबेस पर कई मिसाइलें दागीं।
DG ISPR ने दावा किया कि भारत की सभी मिसाइलों को पहले ही इंटरसेप्ट कर लिया गया था, जिसकी वजह से नुकसान नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने बताया कि एक मिसाइल जमीन पर गिरी जिससे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
पहले तो पाकिस्तान ने आतंकवादियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद भारत को छेड़ने की गुस्ताखी की और अब जब भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई हो रही है तो किसी छोटे बच्चे की तरह शिकायत भी कर रहा है। DG ISPR ने मीडिया के सामने बताया कि भारत ने इन तीनों एयरबेस पर एयरक्राफ्ट यानी फाइटर जेट से यह मिसाइलें गिराई हैं।
पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है। भारत के अफगानिस्तान के साथ रिश्ते अच्छे हैं तो उसे इससे भी मिर्च लगती रहती है। यही कारण है कि वह बार-बार अफगानिस्तान को भारत के खिलाफ करने की कोशिश में लगा रहता है। ऐसी ही एक कोशिश DG ISPR ने देर रात की गई अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी की। पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत ने अफगानिस्तान में भी मिसाइल अटैक किया। पाकिस्तान का कहना है कि भारत ने क्षेत्र में ड्रोन से हमले को अंजाम दिया।
पाकिस्तान ने यह तो दावा किया कि भारत ने उसके तीन एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं। लेकिन साथ ही यह भी दावा किया कि इससे पाकिस्तान को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, पाकिस्तान के इस झूठ की पुष्टि अभी नहीं हो पायी है। साथ ही पाकिस्तान ने गीदड़भभकी दी है कि वह भारत के इस हमले का जवाब देगा।
DG ISPR ने आरोप लगाया कि भारत इस पूरे क्षेत्र को युद्ध में झौंकना चाहता है। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भारत को रोकने की भीख भी मांगी।
उधर पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार लाहौर में भी कई धमाके सुनाई दिए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी मीडिया ने यह नहीं बताया कि धमाके किस इलाके में हुए हैं और इनसे कितना नुकसान हुआ है।
