अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत टैरिफ कटौती पर सहमत हो गया है। ट्रंप लगातार भारत की ओर से अमेरिकी वस्तुओं पर लगाए जाने वाले टैरिफ की आलोचना कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने यह दावा किया है। ट्रंप ने अपने बयान में चीन और कनाडा को भी घेरा है।
क्या बोले ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि भारत हम पर बहुत ज्यादा टैरिफ लगाता है। उन्होंने कहा- "आप भारत में कुछ भी नहीं बेच सकते...वैसे, वे सहमत हो गए हैं, वे अब अपने टैरिफ में कटौती करना चाहते हैं क्योंकि कोई तो आखिरकार उनके किए की पोल खोल रहा है..."
दो अप्रैल से जवाबी शुल्क
ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर जवाबी शुल्क दो अप्रैल से लागू होंगे। उन्होंने कहा- ‘‘सबसे बड़ी बात दो अप्रैल को होगी जब जवाबी शुल्क लागू होंगे, फिर चाहे वह भारत हो या चीन या कोई भी देश... भारत बहुत अधिक शुल्क लगाने वाला देश है।’’
कनाडा को घेरा
ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय) में कुछ शासकीय आदेशों पर हस्ताक्षर करते हुए कहा- ‘‘मैं आपको बताता हूं कि उच्च शुल्क वाला देश कौन है। वह कनाडा है। कनाडा हमसे हमारे दूध उत्पाद और अन्य उत्पादों पर 250 प्रतिशत शुल्क लेता है और लकड़ी एवं ऐसी ही चीजों पर बहुत ज्यादा शुल्क लगाता है। हमें उनकी लकड़ी की जरूरत नहीं है। हमारे पास उनकी तुलना में ज्यादा लकड़ी है। हमें कनाडा की लकड़ी की जरूरत नहीं है।’’
दुनिया भर के देशों पर ट्रंप का आरोप
ट्रंप ने यह भी कहा कि अभी शुल्क ‘‘अस्थायी’’ और ‘‘कम’’ हैं लेकिन जवाबी शुल्क दो अप्रैल से शुरू होंगे और वे हमारे देश के लिए ‘‘बड़े परिवर्तन लाने वाले’’ होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के हर देश ने हमें लूटा है। वे हमसे 150-200 प्रतिशत शुल्क वसूलते हैं (और) हम उनसे कुछ भी नहीं लेते हैं। इसलिए वे हमसे जो भी शुल्क वसूलेंगे, हम उनसे उतना ही शुल्क लेंगे और इससे कोई बच नहीं पाएगा। इसलिए हम दो अप्रैल का इंतजार कर रहे हैं। मैं लंबे समय से उस तारीख का इंतजार कर रहा हूं और यह बहुत बड़ी बात होगी।’’
