Israel Lebanon Conflict: इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के संघर्षविराम की सहमति बनने के बावजूद बार-बार हमलों की रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। इस बीच, इजरायल ने बुधवार को दावा किया कि उसने 7 अक्टूबर नरसंहार में शामिल खामिस मोहम्मद खामिस कस्सास को मार गिराया है।
इजरायल ने एक और दुश्मन को मार गिराया
कौन था खामिस मोहम्मद?
इजरायली सेना (IDF) के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले के दौरान खामिस मोहम्मद ने किबुत्ज निर ओज में घुसपैठ की थी। इस घटना में कई लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद से नरसंहार में शामिल दुश्मनों को इजरायल चुन-चुनकर मार रहा है।
इजरायली सेना के मुताबिक, हाल ही में, खामिस मोहम्मद ने व्यवस्थित तरीके से अतिरिक्त आतंकियों को येलो लाइन क्षेत्र तक पहुंचाया, ताकि वह आईडीएफ के जवानों पर हमला कर सकें। इसके अलावा, पूरे युद्ध के दौरान खामिस मोहम्मद ने आईडीएफ सैनिकों और इजरायली नागरिकों के खिलाफ कई अन्य हमलों का नेतृत्व भी किया था। बकौल इजरायली सेना, आतंकी येलो लाइन के उस इलाके की ओर बढ़ा, जहां दक्षिणी गाज़ा पट्टी में आईडीएफ सैनिक तैनात हैं।
सनद रहे कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर की सहमति बनने का दावा किया था तब येलो लाइन जैसे किसी भी शब्द का जिक्र नहीं किया था, लेकिन हाल के दिनों में इजरायल ने कई बार येलो लाइन का उल्लेख किया है। इजरायल येलो लाइन का जिक्र लेबनान और गाजा दोनों ही मामलों में करता रहा है। हाल ही में इजरायल ने गाजा के मामले में किया है।
येलो लाइन के पास गोलीबारी
पिछले कुछ दिनों में कई बार इजरायल ने येलो लाइन का उल्लेख कर दावा किया कि हिजबुल्लाह के लड़ाके इस लाइन को पार करने की कोशिश कर रहे थे जिसके बाद उन पर गोलियां बरसाई गईं।
भारी मात्रा में हथियार किए जब्त
इससे पहले, इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए, जिनमें आरपीजी लॉन्चर, ड्रोन और वॉरहेड, सैन्य उपकरण, एक विस्फोटक किट, ग्रेनेट सहित अन्य सामग्रियां शामिल हैं।
कहां से क्या-क्या हुआ बरामद
अल-खियाम से हथियार, निगरानी उपकरण, एक आरपीजी लॉन्चर, गोला-बारूद और हिजबुल्लाह का झंडा बरामद किया गया। इजरायली सेना ने बैत लिफ से हिज़्बुल्लाह की इमारतों के अंदर एक RPG लॉन्चर, स्नाइपर हथियार और अन्य सैन्य उपकरण जब्त किए, जबकि अदशित अल-कुसैर से ड्रोन और वॉरहेड, सैन्य उपकरण, गोला-बारूद के बक्से, मैगज़ीन और कलाश्निकोव राइफ़लें जब्त कीं।
