Pete Hegseth impeachment : मिडटर्म चुनाव में मिली हार से उबरते हुए रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं ने गजब की एकजुटता दिखाई है। सेक्रेटरी ऑफ वार के खिलाफ महाभियोग चलाने के लिए हाउस में लाए गए प्रस्ताव को उन्होंने हरा दिया है। इससे हेगसेथ को बड़ी राहत मिली है। हाउस के फ्लोर पर रिपब्लिकन पार्टी को मिली जीत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी बड़ी बात है क्योंकि मिडटर्म चुनाव के बाद हाउस और सीनेट दोनों जगहों पर रिपब्लिकन पार्टी ने अपना नियंत्रण खो दिया है।
अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ वार पीट हेगसेथ। तस्वीर-AI
ट्रंप ने हेगसेथ को बताया महान देशभक्त
हाउस में डेमोक्रेट्स के खिलाफ मिली इस जीत पर ट्रंप ने खुशी जताई है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर उन्होंने कहा कि युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ डेमोक्रेट्स की महाभियोग चलाने की कोशिश बुरी तरह नाकाम रही! थॉमस मैसी को छोड़कर हर रिपब्लिकन सांसद ने पीट हेगसेथ के समर्थन में वोट दिया। थॉमस मैसी एक बड़े हारे हुए नेता हैं। एक बार फिर वेनेजुएला और ईरान में मिली जीत, अमेरिकी सेना के इतिहास में अब तक की सबसे शानदार भर्ती संख्या (सेना में शामिल होने के लिए लंबी प्रतीक्षा सूची) और सैनिकों में पहले से कहीं अधिक जोश ने एक महान अमेरिकी देशभक्त को आरोपों से मुक्त कराने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स लगातार अमेरिका को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं और उसकी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्हें रोकना होगा! अमेरिका को फिर से महान बनाएं!
ठंडे बस्ते में चला गया महाभियोग प्रस्ताव
211-204 के मामूली अंतर से हुए मतदान में अमेरिकी सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव को एक समिति के पास भेजने पर सहमति जताई। रिपब्लिकन नेताओं ने इस प्रक्रियात्मक कदम को आगे बढ़ाने के लिए जोरदार प्रयास किए। इसके चलते रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी की ओर से पेश किया गया महाभियोग प्रस्ताव प्रभावी रूप से ठंडे बस्ते में चला गया। इस फैसले ने प्रस्ताव पर प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में सीधे बहस या मतदान का रास्ता भी बंद कर दिया।
रंग लाई रिपब्लिकन की लॉबिंग
CNN को कई सूत्रों ने बताया कि हाउस में रिपब्लिकन नेताओं ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश को विफल करने के लिए पर्दे के पीछे व्यापक लॉबिंग की थी। हालांकि, प्रक्रियात्मक स्तर पर मिली यह जीत हेगसेथ और ट्रंप प्रशासन को केवल अस्थायी राहत देती है। यह मतदान मौजूदा अमेरिकी कांग्रेस के विदाई सत्र (लंग-डक सेशन) में हुआ, जहां रिपब्लिकन के पास अब भी बेहद मामूली बहुमत है।
महाभियोग की मांग फिर आगे बढ़ा सकते हैं डेमोक्रेट्स
मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद जनवरी में 120वीं कांग्रेस के गठन के साथ सदन में सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा। डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज के नेतृत्व में नई डेमोक्रेटिक बहुमत वाली पार्टी के सदन का औपचारिक नियंत्रण संभालने के बाद सांसदों से उम्मीद की जा रही है कि वे हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की मांग को एक बार फिर आगे बढ़ाएंगे।
