दुनिया

भारी बर्फबारी की चपेट में तुर्की, 18 प्रांतों में जनजीवन अस्त-व्यस्त; 20 इलाकों से संपर्क टूटा; समुद्र में भी उठ रहीं ऊंची लहरें

तुर्की में बर्फबारी ने कोहराम मचा रखा है। सैकड़ों गांवों से संपर्क टूट गया है। दो हजार से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। काला सागर क्षेत्र में ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी का अधिक असर पड़ा है।

Image

तुर्का में भारी बर्फबारी

Photo : AP

भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफानों ने तुर्की के 18 प्रांतों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। टीआरटी की रिपोर्ट के अनुसार, 2,173 सड़कें बंद हो गई हैं। पूर्वी वान प्रांत के महानगरीय क्षेत्र में 19 इलाकों और 35 छोटे गांवों का संपर्क टूट गया है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एरसिस जिले में बर्फ की मोटाई 40 सेंटीमीटर तक पहुंच गई है, जहां सड़कें साफ करने का काम जारी है।

कई प्रांतों की गांवों से संपर्क टूटा

पूर्वी मुस प्रांत में प्रशासन बर्फबारी से लोगों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए लगातार काम कर रहा है, लेकिन अब भी 46 गांवों की सड़कें बंद हैं। दक्षिण पूर्वी बिटलिस प्रांत में भी हालात गंभीर हैं। यहां 50 गांवों की सड़कें पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई हैं। पूर्वी हक्कारी में शुक्रवार को भारी बर्फबारी के कारण 34 बस्तियों का संपर्क कट गया था, जिनमें से 32 को फिर से जोड़ दिया गया है। हालांकि, शेमदीनली ज़िले के एलन गांव और युकसेकोवा ज़िले के अक्टोपरेक छोटे गांव में हिमस्खलन के खतरे के कारण रास्ते खोलने का काम नहीं हो सका है।

काला सागर वाले इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित

काला सागर क्षेत्र में ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी का अधिक असर पड़ा है। कस्तामोनु में पहाड़ी इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि सीनोप में 282 गांवों की सड़कें बर्फ से ढक गई हैं। सीनोप प्रांतीय प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोमवार दोपहर तक बर्फबारी और ठंड के हालात बने रह सकते हैं।

समुद्र में उठ रही हैं लहरें

ट्राब्ज़ोन में सुबह से बर्फ गिर रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। तेज हवाओं के कारण काला सागर में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे मछली पकड़ने वाली नौकाएं बंदरगाहों पर खड़ी रहने को मजबूर हैं। इसी तरह, रिजे में भी 81 गांवों की सड़कें बंद हो गई हैं और प्रशासन उन्हें साफ करने के प्रयास में जुटा है। पूर्वी एरज़ुरुम प्रांत में तेज बर्फबारी और हवाओं के कारण आठ इलाकों की सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि अर्दहान में चार गांवों का संपर्क अभी भी टूटा हुआ है। प्रशासन ने सभी प्रभावित इलाकों के लोगों से सतर्क रहने और जब तक सड़कें पूरी तरह साफ नहीं हो जाती, तब तक जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article