दुनिया

हरियाणा की बिटिया का ब्रिटेन में हुआ सम्मान, बाल श्रम पर आधारित कलाकृति के लिए जीता पुरस्कार

Haryana Artist Aditi Anand: हरियाणा के करनाल की रहने वाली अदिति आनंद को लंदन में विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय के चित्रण पुरस्कारों में उभरते चित्रकार श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। अदिति आनंद ने कहा कि मैं 'मैरीगोल्ड्स' के लिए वी एंड ए चित्रण पुरस्कार जीतकर बेहद रोमांचित हूं।

Image

पुरस्कार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Haryana Artist Aditi Anand: हरियाणा के करनाल की रहने वाली एक उदीयमान कलाकार को लंदन में विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय के चित्रण पुरस्कारों में उभरते चित्रकार श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में एंग्लिया रस्किन विश्वविद्यालय (ARU) की छात्रा अदिति आनंद (25) को हाल में एक समारोह में उनकी कलाकृति ‘मैरीगोल्ड्स’ के लिए पुरस्कृत किया गया। यह कलाकृति सितंबर 2025 तक लंदन में विश्व प्रसिद्ध विक्टोरिया और अल्बर्ट (वी एंड ए) डिजाइन संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएगी।

अदिति आनंद ने जीता पुरस्कार

वी एंड ए पुरस्कारों के लिए प्राप्त 2,000 से अधिक प्रविष्टियों में से चयनित ‘मैरीगोल्ड्स’ ने पुरस्कार के रूप में 3,000 पाउंड जीता है। यह कलाकृति भारत में बाल श्रम और खोए हुए बचपन की ओर ध्यान आकर्षित करती है। भारत में फूलों के बाजारों से प्रेरित, कलाकृति एक मां की कहानी बताती है, जो अपने बच्चे को गेंदे के फूल की माला बनाना सिखा रही है। निर्णायक मंडल ने रंगों के इस्तेमाल की प्रशंसा की, जिससे फूलों की मनमोहक सुंदरता और फूल बेचने वालों की दयनीय स्थिति तथा बाल श्रम की वास्तविकता प्रदर्शित होती है।

भारत से पुरस्कार ग्रहण करने यहां पहुंची आनंद ने कहा, ‘‘मैं 'मैरीगोल्ड्स' के लिए वी एंड ए चित्रण पुरस्कार जीतकर बेहद रोमांचित हूं और मैं इस बात से बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं कि वी एंड ए ने इस विषय को मंच प्रदान कर और संग्रहालय में प्रदर्शित कर इसे इतना महत्व दिया।’’

अदिति आनंद ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि यह पाठकों को एक ऐसी दुनिया की झलक प्रदान करेगा, जो उनकी अपनी दुनिया से बहुत अलग हो सकती है। यह उपलब्धि एंग्लिया रस्किन में उल्लेखनीय बाल पुस्तक चित्रण टीम के बिना संभव नहीं होती, और मैं अपने स्नातकोत्तर के दौरान अपने शिक्षकों और साथियों के समर्थन के लिए हमेशा आभारी रहूंगी।’’

एआरयू में बाल पुस्तक चित्रण में स्नातकोत्तर के लिए एसोसिएट प्रोफेसर और पाठ्यक्रम प्रमुख शेली जैक्सन ने कहा, ‘‘अदिति आनंद के चित्र भी उन्हीं की तरह आकर्षक हैं।’’

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article