दीर अल बलाह (गाजा पट्टी) : हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानियेह गाजा में युद्ध पर बातचीत के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंच गए हैं। गाजा में 10 सप्ताह से अधिक समय से इजरायल की बमबारी और युद्ध में करीब 20,000 फलस्तीनी मारे गए हैं। इजरायल ने दुनिया से हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में काली सूची में डालने का आह्वान करते हुए कहा है कि सात अक्टूबर को दक्षिणी इजरायल में किए गए हमले के बाद इसका नामोनिशान मिटा देना चाहिए।
गाजा पर इजरायल के हवाई हमले जारी हैं।
अप्रत्यक्ष वार्ता फिर से शुरू की है
हालांकि, दोनों पक्षों ने हाल में मिस्र और कतर की मध्यस्थता से अप्रत्यक्ष वार्ता फिर से शुरू की है, जिसका उद्देश्य एक और संघर्ष विराम करना और इजरायल द्वारा कैद किए गए फलस्तीनियों के बदले में उस हमले में पकड़े गए अधिक बंधकों को मुक्त कराना है। हाल के दिनों में उच्च-स्तरीय अधिकारियों की सक्रियता के बावजूद, दोनों पक्ष किसी समझौते से दूर नजर आ रहे हैं। हमास ने एक बयान में कहा कि हानियेह मिस्र के अधिकारियों के साथ युद्ध पर चर्चा करेंगे।
हानियेह कतर में रहते हैं
हमास के सात अक्टूबर के हमले के साथ शुरू हुए युद्ध के बाद से कतर और मिस्र ने आतंकवादी समूह और इजरायल के बीच मध्यस्थ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। माना जाता है कि हानियेह कतर में रहते हैं। हमास ने कहा कि हानियेह बुधवार को काहिरा पहुंचने के बाद मिस्र के अधिकारियों के साथ युद्ध पर चर्चा करेंगे।
