Hamas Hostage Video: हमास ने इजराइल पर 7 अक्टूबर के हमलों के दौरान बंधक बनाई गई एक इजरायली महिला का वीडियो जारी किया है। इस हमले में 1,400 से अधिक लोग मारे गए है और इजराइल की जवाबी कार्रवाई के बाद गाजा में युद्ध शुरू हो गया है। हमलों के दौरान लगभग 200 लोगों को बंधक बना लिया गया था। हमास की सैन्य शाखा ने कल एक महिला का वीडियो जारी किया है जिसकी पहचान 21 साल की मिया शेम के रूप में हुई है।
अगवा इजराइली महिला का वीडियो
घायल दिख रही महिला
वीडियो में महिला की बांह पर पट्टियां नजर आ रही हैं। वीडियो में उसने कहा कि वह गाजा सीमा के पास एक छोटे से इजरायली शहर सडेरोट से है। हमलों के दिन वह किबुत्ज रीम पर सुपरनोवा सुकोट संगीत समारोह में शिरकत कर रही थी तभी हमास के आतंकियों ने यहां हमला कर दिया। संगीत समारोह में कम से कम 260 लोग मारे गए और मिया सहित कई लोगों को बंधक बनाकर अगवा कर लिया लिया गया।
मुझे बाहर निकालो....
एक मिनट के अधिक के इस वीडियो में मिया की चोट की ड्रेसिंग करते हुए दिखाया गया है। इजराइली महिला का कहना है कि उसकी चोट के लिए तीन घंटे तक सर्जरी की गई। मिया ने कहा, वे मेरी देखभाल कर रहे हैं, मेरा इलाज कर रहे हैं, वे मुझे दवा दे रहे हैं। सब कुछ ठीक है। मैं केवल अपने परिवार, अपने माता-पिता, अपने भाई-बहनों से मिलने के लिए जल्द से जल्द घर लौटने की गुजारिश कह रही हूं। जितनी जल्दी हो सके यहां से बाहर निकालो। इजराइल रक्षा बलों ने पुष्टि की है कि मिया का पिछले सप्ताह अपहरण कर लिया गया था और कहा कि अधिकारी मिया के परिवार तक पहुंच गए हैं और उनके संपर्क में हैं।
आईडीएफ ने कहा, हमास कर रहा दिखावा
इजराइली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने एक पोस्ट में कहा, हमास के वीडियो में वे खुद को मानवीय दिखाने की कोशिश करते हैं। लेकिन वे एक भयानक आतंकवादी संगठन हैं जो नवजातों, बच्चों, पुरुषों, महिलाओं और बुजुर्गों की हत्या और अपहरण के लिए जिम्मेदार हैं। आईडीएफ ने कहा कि इस समय हम मिया सहित सभी बंधकों की वापसी के लिए सभी खुफिया और अन्य प्लान तैयार कर रहे हैं।
द टाइम्स ऑफ इजराइल की एक रिपोर्ट के अनुसार, मिया के परिवार ने क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे उसे सुरक्षित देखकर खुश हैं। मिया दोहरी इजरायली-फ्रांसीसी नागरिक हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि उनका परिवार उन फ्रांसीसी परिवारों में से था, जिन्होंने पिछले हफ्ते फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन से अपने रिश्तेदारों को अजाद कराने में मदद करने की अपील की थी।
