दुनिया

युद्ध के बीच इजराइल जा रहे हैं जो बाइडन, जानें क्या है अमेरिका का पूरा प्लान

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 17, 2023, 08:51 AM IST

Joe Biden Visit Israel: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को इजराइल जाएंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन एक 'महत्वपूर्ण क्षण' में इजराइल आ रहे हैं और इजराइल के साथ अमेरिका की एकजुटता की पुष्टि करेंगे। आपको बताते हैं गाजा में रह रहे नागरिकों के लिए बाइडन का प्लान।

Image

इजराइल और अमेरिका की एकजुटता का परिचय देंगे बाइडन।

Photo : AP

Israel Hamas War: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को ऐसे समय में इजराइल का दौरा करने वाले हैं जब देश आतंकवादी समूह हमास के साथ अपनी सबसे कठिन लड़ाई का सामना कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन एक 'महत्वपूर्ण क्षण' में इजराइल आ रहे हैं और इजराइल के साथ अमेरिका की एकजुटता की पुष्टि करेंगे।

इजराइल और अमेरिका की एकजुटता का परिचय देंगे बाइडन

उन्होंने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को इजराइल का दौरा करेंगे। वह दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण में यहां इजराइल आ रहे हैं। राष्ट्रपति बाइडन इजराइल के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका की एकजुटता की पुष्टि करेंगे। राष्ट्रपति बाइडन फिर से स्पष्ट करेंगे, जैसा कि उन्होंने हमास द्वारा कम से कम 30 अमेरिकियों सहित 1,400 से अधिक लोगों की हत्या के बाद स्पष्ट रूप से किया है, कि इजराइल के पास हमास और अन्य आतंकवादियों से अपने लोगों की रक्षा करने और भविष्य के हमलों को रोकने का अधिकार और वास्तव में कर्तव्य है।'

जो बाइडन हमास के हमले के बाद इजराइल के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए बुधवार को इजराइल की यात्रा करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने सोमवार को यह जानकारी की। व्हाइट हाउस ने यह भी बताया कि बाइडन एक शिखर बैठक के लिए जॉर्डन भी जाएंगे, जहां वह जॉर्डन एवं मिस्र के राष्ट्राध्यक्ष और फिलिस्तीन के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।

आतंकवादी हमले को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति करेंगे चर्चा

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरीन ज्यां पियरे ने सोमवार रात जारी एक बयान में कहा, 'राष्ट्रपति जोसेफ आर. बाइडन जूनियर हमास के नृशंस आतंकवादी हमले के मद्देनजर इजराइल के प्रति अपना समर्थन जताने और अगले कदमों पर चर्चा करने के लिए 18 अक्टूबर यानी बुधवार को इजराइल जाएंगे।' इसके बाद वह जॉर्डन के अम्मान जाएंगे, जहां वह जॉर्डन के सुल्तान अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी और फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात करेंगे।

गाजा में रह रहे नागरिकों को लेकर क्या है बाइडन का प्लान?

पियरे ने कहा, 'बाइडन दोहराएंगे कि हमास फिलिस्तीनी लोगों के सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए नहीं खड़ा है और वह गाजा में नागरिकों की मानवीय जरूरतों पर चर्चा करेंगे।' इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति ने मिस्र के अपने समकक्ष अल सीसी और इराक के प्रधानमंत्री मेाहम्मद शिया अल सुदानी से फोन पर बात की थी, जिसमें उन्होंने इजराइल पर हमास के आतंकवादी हमले के बाद क्षेत्र में पैदा हुए हालात को लेकर चर्चा की थी।

इस दौरान बाइडन और अल-सिसी ने गाजा में बढ़ते मानवीय संकट को दूर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र, जॉर्डन, फिलिस्तीनी प्राधिकरण, इजराइल और अन्य क्षेत्रीय भागीदारों के साथ जारी समन्वित प्रयासों और पश्चिम एशिया में अधिक व्यापक रूप से स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर चर्चा की। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बताया कि 'राष्ट्रपति इजराइल से सुनेंगे कि वह कैसे अपने अभियानों को इस तरह से संचालित करेगा जिससे नागरिक हताहतों की संख्या कम से कम हो और गाजा में नागरिकों को मानवीय सहायता इस तरह से मिल सके जिससे हमास को कोई फायदा न हो।

अगर नागरिकों तक सहायता पहुंचने से रोकता है हमास!

उन्होंने कहा, 'अगर हमास किसी भी तरह से मानवीय सहायता को नागरिकों तक पहुंचने से रोकता है या हमारी सहायता को जब्त करता है, तो हम इसकी कड़ी निंदा करेंगे।' फोन पर हुई बातचीत की जानकारी देते हुए बताया गया, 'बाइडन ने इजराइल पर हमास के आतंकवादी हमले की निंदा की और दोहराया कि हमास फिलिस्तीनी लोगों के सम्मान और आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए नहीं खड़ा है। दोनों नेता संघर्ष को बढ़ने से रोकने और जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए करीबी समन्वय बनाए रखने पर सहमत हुए।'

बाइडन ने इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के साथ इजराइल पर हमास के घृणित हमले के मद्देनजर गाजा में संघर्ष बढ़ने से रोकने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा की। अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने भी हमास के हमले के बाद सुरक्षा बहाल करने संबंधी इजराइल के अभियानों पर चर्चा जारी रखने के लिए इजराइली रक्षा मंत्री योव गैलेंट से बातचीत की।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article