दुनिया

बदहाल पाकिस्तान में अब यात्री भी सुरक्षित नहीं, बंदूकधारियों ने बस से उतारा; 6 यात्रियों को मारी गोली

Pakistan Terror: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध उग्रवादियों ने पंजाब प्रांत के छह लोगों को एक यात्री बस से नीचे उतार लिया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यात्री बस पर हमले की निंदा की और संबंधित अधिकारियों को जांच करने के साथ ही जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने का निर्देश दिया।

Image

पाकिस्तान में बंदूकधारियों का आतंक (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : AP

Pakistan Terror: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध उग्रवादियों ने पंजाब प्रांत के छह लोगों को एक यात्री बस से नीचे उतार लिया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया।

बंदूकधारियों का आतंक

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हफीज बलूच ने बताया कि यह हमला प्रांत के ग्वादर जिले में उस समय हुआ जब बुधवार देर रात हथियारबंद लोगों ने ओरमारा राजमार्ग पर कलमत क्षेत्र के पास ग्वादर से कराची जा रही एक यात्री बस को रोक लिया। बंदूकधारियों ने बस से कुछ यात्रियों को उतारा और छह लोगों को गोली मार दी।

बलूच ने बताया कि पांच यात्री मौके पर ही मारे गए, जबकि जीवित बचे एक व्यक्ति की गुरुवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने कहा, ''हथियारबंद लोगों ने यात्रियों के पहचान-पत्र जांचने के बाद छह यात्रियों की हत्या कर दी और तीन अन्य को अपने साथ ले गए।''

ट्रकों पर लगाई आग

उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित पंजाब प्रांत के थे। फिलहाल किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। उग्रवादियों ने ग्वादर बंदरगाह से खाद ले जा रहे तीन ट्रकों को भी सड़क पर अवरोध लगाकर रोक लिया और उनमें आग लगा दी।

PM ने की हमले की निंदा

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने यात्री बस पर हमले की निंदा की और संबंधित अधिकारियों को जांच करने के साथ ही जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा चलाने का निर्देश दिया। 'डॉन' अखबार ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के हवाले से कहा, ''आतंकवादी देश के विकास और बलूचिस्तान की समृद्धि के दुश्मन हैं। वे बलूचिस्तान में प्रगति नहीं देख सकते।''

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने घटना की निंदा करते हुए कहा, ''निर्दोष यात्रियों को बस से उतारना और पहचान के आधार पर उनकी हत्या करना एक जघन्य और कायरतापूर्ण कृत्य है।''

यहां बुधवार को बस यात्रियों पर हमला ऐसे समय में हुआ है जब प्रांत में तनावपूर्ण स्थिति है, क्योंकि इस महीने की शुरुआत में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के विद्रोहियों ने 440 यात्रियों को ले जा रही जाफर एक्सप्रेस का अपहरण कर लिया था। इस अपहरण में 18 सुरक्षाकर्मियों सहित 26 बंधकों की मौत हो गई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article