Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान में एक के बाद एक आतंकवादी हमले हो रहे हैं। बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस हाईजैक के बाद खैबर पख्तूनख्वा में सेना के एक बेस पर फिदायीन हमला हुआ। जवाई कार्रवाई में कम से कम 9-10 आतंकवादी मारे गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में जंडोला मिलिट्री कैंप पर हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) हो सकता है।
'जियो न्यूज' ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि दक्षिणी वजीरिस्तान जिले के जंडोला में जोरदार विस्फोट के बाद भारी गोलीबारी की आवाज सुनी गई। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, आतंकवादियों ने जंडोला जांच चौकी पर हमला करने की कोशिश की जिन्हें सुरक्षाबलों ने खदेड़ दिया। उन्होंने बताया कि 'फ्रंटियर कोर' शिविर के पास एक वाहन में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया।
आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़
पाकिस्तानी मिलिट्री कैंप में हुए फिदायीन हमले के बाद आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आतंकवादी मिलिट्री कैंप के भीतर घुस गए। इस दौरान कम से कम 9-10 आतंकवादियों की मौत हो गई। यह हमला जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक ऑपरेशन के खत्म होने के एक दिन बाद हुआ। इस दौरान ट्रेन हाईजैक करने वाले सभी 33 आतंकवादियों को मार गिराया गया था। आतंकवादियों ने पहाड़ी क्षेत्र में यात्रियों को बंधक बनाया था।
