Peshawar School Roof Collapse: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 35 लोगों की मौत और 52 अन्य के घायल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल के मालिकों, शेयरधारकों और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पेशावर में स्कूल की छत गिरी
यह घटना गुरुवार को दीर कॉलोनी स्थित 'अल-खैर एजुकेशन सिस्टम' में हुई, जहां दूसरी मंजिल पर नर्सरी की कक्षा की छत नीचे गिर गई। हादसे में 35 लोगों की मौत हो गई और 52 अन्य घायल हो गए। अस्पताल के एक प्रवक्ता के अनुसार, पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती सभी घायलों को शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई।
तीन दिन के भीतर दाखिल करें रिपोर्ट
प्रांतीय प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने गुरुवार को एक अधिसूचना जारी कर जिला स्तरीय समितियों को निजी स्कूलों की इमारतों का निरीक्षण करने और तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट तथा सिफारिशें सौंपने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान छतों, दीवारों, खंभों, बीम, नींव, सीढ़ियों और इमारत के अन्य संरचनात्मक हिस्सों की जांच की जाएगी। समितियां इमारतों को सुरक्षित, मरम्मत की जरूरत वाली या संभावित रूप से असुरक्षित श्रेणियों में बांटेंगी।
समितियां इमारतों में संरचनात्मक कमजोरियां पाए जाने पर मरम्मत और सुधार की सिफारिश करेंगी। यदि किसी इमारत से तत्काल खतरा है, तो समितियां जिला प्रशासन को इसकी सूचना देंगी और इमारत का इस्तेमाल रोकने या वहां लोगों की आवाजाही सीमित करने की सिफारिश करेंगी।प्रत्येक समिति की अध्यक्षता जिला निगरानी अधिकारी करेंगे। इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारी और संचार एवं निर्माण विभाग का एक प्रतिनिधि शामिल होगा।
34 बच्चों सहित 35 लोगों की मौत
समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, 'अल-खैर एजुकेशन सिस्टम' में हुई इस घटना में 34 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत के बाद पेशावर के आगा मीर जानी शाह पुलिस थाने में पाकिस्तान दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। 'अल-खैर एजुकेशन सिस्टम' के मालिकों, शेयरधारकों और निर्माण कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के नाम भी प्राथमिकी में शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गलवान से CPEC तक, भारत की सुरक्षा को लेकर राज्यपाल हसनैन ने किन चुनौतियों का किया जिक्र
प्राथमिकी के मुताबिक, स्कूल का निर्माण 16 मरला जमीन पर किया गया था, जिसका स्वामित्व वहीद और जावेद के पास था। निर्माण शुरू होने से पहले वर्ष 2024 में यह जमीन पट्टे पर दी गई थी। प्राथमिकी के अनुसार निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था और इमारत की दीवारों तथा छतों की खराब स्थिति को लेकर विद्यार्थियों की शिकायतों को स्कूल प्रशासन ने नजरअंदाज किया था।
पुलिस ने बताया कि स्कूल के एक मालिक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रांतीय सरकार पूरे राज्य में सरकारी और निजी स्कूलों की इमारतों की सुरक्षा का आकलन करने के लिए एक व्यवस्था भी विकसित करेगी। सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 3.42 लाख रुपये) और घायल प्रत्येक विद्यार्थी को दो लाख पाकिस्तानी रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
