दुनिया

मिस्र को मिडिल ईस्ट में सता रहा बड़े युद्ध का भय, अंतरराष्ट्रीय समुदाय से की ये मांग

Israel-Iran Conflict: मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली ने चेतावनी दी कि इजरायल की एकतरफा कार्रवाई से मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय युद्ध छिड़ सकता है। दरअसल, ईरान ने मंगलवार की रात इजरायल पर बड़ा हमला करते हुए 200 से अधिक मिसाइलें दागीं, जिससे पूरे देश में सायरन बजने लगे और लाखों लोग शेलटर्स में चले गए।

Image

इजरायल ईरान युद्ध (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • ईरान ने इजरायल पर दागीं मिसाइलें।
  • इजरायल ने विफल किया मिसाइल हमला।
  • नेतन्याहू ने हमले को ईरान की बड़ी गलती बताया।

Israel-Iran Conflict: मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली ने चेतावनी दी कि इजरायल की एकतरफा कार्रवाई से मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय युद्ध छिड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मंगलवार की घटनाओं ने एक खतरनाक स्थिति पैदा कर दी है। उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखने के लिए तत्काल युद्ध विराम के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय और प्रभावशाली शक्तियों से हस्तक्षेप की मांग की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मदबौली ने जोर देकर कहा कि मिस्र लेबनान में इजरायल की बढ़ती आक्रामकता की निंदा करता है और लेबनान की संप्रभुता को कमजोर करने के किसी भी कोशिश को खारिज करता है। मिस्र की कैबिनेट ने लेबनान और गाजा पट्टी में तत्काल युद्ध विराम की अपील करते हुए कहा कि तनाव कम करने के लिए यह जरूरी कदम है।

इजरायल पर ईरान ने दागीं मिसाइलें

बता दें हिजबुल्लाह के समर्थक ईरान की ओर से मंगलवार रात इजरायल पर बड़ा मिसाइल हमला किया गया। इजरायल के चैनल 13 टीवी समाचार ने बताया कि ईरान से कम से कम 200 जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें दागी गईं, जिससे पूरे देश में सायरन बजने लगे और लाखों लोग शेलटर्स की ओर भागे।

ईरान ने कहा कि यह बमबारी हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हानिया, हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अब्बास निलफोरुशन की हत्याओं के जवाब में की गई।

'ईरान ने कर दी बड़ी गलती'

वहीं, ईरानी हमले के कुछ घंटों बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट की बैठक के दौरान कहा, "ईरान ने आज रात एक बड़ी गलती की है, और उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।"

इजरायल पर ईरान ने तब हमला किया जब यहूदी राष्ट्र ने लेबनान में जमीनी सैन्य अभियान की घोषणा की। 23 सितंबर से इजरायल ने लेबनान में हवाई हमले तेज कर दिए। उसका कहना है कि यह कार्रवाई लेबानानी संगठन हिजबुल्ला के खात्मे के लिए की जा रही है।

दक्षिणी लेबनान में सैन्य अभियान शुरू

पिछले शुक्रवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगर में एक महत्वपूर्ण हमले में हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह और उसके कई सहयोगी मारे गए। वहीं, इस हफ्ते इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में जमीनी सैन्य अभियान भी शुरू कर दिया। 8 अक्टूबर, 2023 को हिजबुल्लाह ने गाजा में हमास के प्रति एकजुटता जाहिर करते हुए इजरायल पर रॉकेट दागने शुरू किए थे। नवीनतम घटनाक्रम इसी संघर्ष का विस्तार है।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article