California Storm: अमेरिका के कैलिफोर्निया का हाल बुरा है। पहले धूं-धूंकर जल रहे जंगलों की आग बुझाने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा और अब बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अमेरिका के पूर्वी हिस्से में भारी बर्फबारी और बारिश की वजह से सैकड़ों सड़क दुर्घटनाएं हुईं, कई जगहों की बिजली ठप हो गई और बुधवार को तापमान बढ़ने के साथ ही जलमार्गों में बाढ़ आने का खतरा पैदा हो गया।
कैलिफोर्निया में बाढ़ का खतरा!
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा कि पश्चिमी वर्जीनिया के एक छोटे शहर आयरन गेट में 14 इंच से अधिक बर्फबारी हुई और पश्चिम में लगभग 105 किलोमीटर दूर एक छोटे से शहर व्हाइट सल्फर स्प्रिंग्स में 12 इंच बर्फबारी दर्ज की गई।
बिजली आपूर्ति बाधित
पावरआउटेज डॉट यूएस के मुताबिक, वर्जीनिया में बुधवार तक 1.90 लाख से ज्यादा और उत्तरी कैरोलिना में लगभग 16,000 उपभोक्ताओं की बिजली चली गई। वेस्ट वर्जीनिया, वर्जीनिया और टेनेसी में 10 लाख उपभोक्ताओं को सेवा देने वाली कंपनी अप्पलाचियन पावर ने मंगलवार को कहा कि उसके 5400 कर्मचारी बिजली बहाल करने की कोशिशों में जुटे हैं।
मौसम सेवा के मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मौसम विज्ञानी स्कॉट क्लीबाउर के मुताबिक, क्षेत्र के हवाई अड्डों पर कई इंच बर्फबारी हुई। फ्लाइट ट्रैकिंग साइट फ्लाइटअवेयर डॉट कॉम के अनुसार, अमेरिका में लगभग 4,000 उड़ानें रद्द या विलंबित हुईं, जिनमें वाशिंगटन के निकट रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे की लगभग 250 उड़ानें शामिल हैं।
बाढ़ का खतरा
मौसम सेवा ने बताया कि गुरुवार सुबह तक पूर्वी टेनेसी से लेकर दक्षिण-पश्चिमी वर्जीनिया और दक्षिण के अन्य भागों तक बाढ़ का खतरा बना रहेगा। मौसम विज्ञानी वेंस जॉयनर ने कहा कि गुरुवार को हमारी मुख्य चिंता संभावित बाढ़ के प्रभाव को लेकर होगी।
