दुनिया

जोहानिसबर्ग में अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मिले जयशंकर, मानसरोवर-विमान सेवा बहाली पर हुई बात

S Jaishankar Meets Wang Yi : विदेश मंत्री एस जयशंकर जोहानिसबर्ग में शुक्रवार को अपनी चीनी समकक्ष वांग यी से मिले। जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर हुई इस मुलाकात में आपसी रिश्तों की समीक्षा हुई और कैलाश मानसरोवर यात्रा एवं दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान बहाल करने पर जोर रहा।

Image

जोहानिसबर्ग में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ एस जयशंकर।

S Jaishankar Meets Wang Yi : विदेश मंत्री एस जयशंकर जोहानिसबर्ग में शुक्रवार को अपनी चीनी समकक्ष वांग यी से मिले। जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर हुई इस मुलाकात में आपसी रिश्तों की समीक्षा हुई और कैलाश मानसरोवर यात्रा एवं दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान बहाल करने पर जोर रहा। इस मुलाकात के बारे में विदेश मंत्री जयशंकर ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक ने जोहानिसबर्ग में सीपीसी पोलितब्यूरो के सदस्य एवं चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मिलने का अवसर दिया। जयशंकर ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।

‘वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा’

यह बैठक भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय मुद्दों और क्षेत्रीय चुनौतियों के समाधान के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच हो रही है। जयशंकर ने बृहस्पतिवार को ‘वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा’ शीर्षक वाले जी-20 सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जी-20 विश्व की बढ़ती बहुध्रुवीयता का एक अहम मंच है। उन्होंने कहा, ‘वैश्विक भू-राजनीतिक स्थिति कठिन बनी हुई है। इसमें कोविड महामारी, संघर्ष के हालात, वित्तीय दबाव, खाद्य सुरक्षा आदि शामिल हैं।’

समूह में ये देश हैं शामिल

अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के प्रमुख मंच के रूप में, जी-20 वैश्विक अर्थव्यवस्था को उसके सामने आने वाली महत्वपूर्ण चुनौतियों से उबारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जी-20 में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका, अफ्रीकी संघ और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

दो दिवसीय यात्रा पर जोहानिसबर्ग में है जयशंकर

इससे पहले जयशंकर ने बृहस्पतिवार को सिंगापुर, ब्राजील और इथियोपिया के अपने समकक्षों से मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने तीनों नेताओं से वैश्विक घटनाक्रमों के अलावा द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका की दो दिवसीय यात्रा पर जोहानिसबर्ग में हैं। उन्होंने बैठक से इतर सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन और ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा से मुलाकात की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article