Trump On Iran: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच एक बार फिर बड़ा और तीखा बयान दिया है। फ्लोरिडा में मिडटर्म चुनावों के तहत शुरुआती मतदान में अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान पर हमला जल्द हो सकता है, हालांकि इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी डील की संभावना से भी इनकार नहीं किया। जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या अमेरिका जल्द ही ईरान पर कोई संभावित सैन्य हमला करने जा रहा है, तो ट्रंप ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "क्या आपको सच में लगता है कि मैं आपको यह बता दूंगा? शायद कल ही... ऐसा होने की संभावना है। इसके साथ ही इस बात की भी संभावना है कि हमारे बीच एक अच्छी, बड़ी और खूबसूरत डील हो जाए। वे समझौता करना चाहते हैं, लेकिन असल सवाल यह है कि क्या वे उस डील पर टिक पाएंगे?"
फ्लोरिडा में वोट डालने के बाद आया अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान (फाइल फोटो)
अमेरिकी सेना की सफलता का दावा
पश्चिमी एशिया में अपनी प्रशासनिक नीतियों का बचाव करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने जमीन पर तैनात अपनी सेना और नौसेना की जमकर तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य बलों ने युद्ध के दौरान अभूतपूर्व काम किया है। ट्रंप ने कड़े शब्दों में कहा, "हमने बहुत शानदार काम किया है। हमारी नौसेना और मिलिट्री ने कमाल कर दिखाया है। उन्होंने ईरान के हर एक जेट फाइटर को आसमान से गिरा दिया है। उनके 259 जहाज समुद्र की तली में समा चुके हैं। अब उनके पास केवल रिकॉर्ड महंगाई बची है।"
ईरान का रुख और होर्मुज पर खींचतान
दूसरी ओर, ईरान की तरफ से इन दावों के बीच अलग प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े तसनीम (Tasnim) समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों को कोई नया प्रस्ताव नहीं दिया है और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने के बदले होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने के किसी भी अमेरिकी ऑफर को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रेस टीवी के अनुसार, तसनीम एजेंसी को सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब के एक मीडिया आउटलेट से आ रही ऐसी खबरें पूरी तरह से 'झूठी और मनगढ़ंत' हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध और घरेलू राजनीति पर भी बोले ट्रंप
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे लंबे युद्ध पर बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई कि इस संघर्ष का जल्द ही कोई समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त होने के बाद वाशिंगटन दोनों देशों के साथ व्यापारिक संबंध आगे बढ़ाएगा। इसके साथ ही घरेलू राजनीति की ओर रुख करते हुए ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेट्स पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कई अमेरिकी शहरों और राज्यों में डेमोक्रेट्स पर व्यापक भ्रष्टाचार में लिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया, जिससे देश का राजनीतिक पारा गर्मा गया है।
