अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि अगर उन्होंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल ही नहीं, बल्कि पूरा मध्य पूर्व अस्तित्व में नहीं होता। ट्रंप ने कहा कि भले ही कोई इस बात को खुलकर स्वीकार न करे, लेकिन हर कोई इसकी सच्चाई जानता है।
'मैंने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोका, वरना इजरायल का अस्तित्व मिट जाता', ट्रंप का बड़ा दावा। AP
ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर यह दावा दोहराया। उन्होंने लिखा, "अगर मैंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से नहीं रोका होता, तो आज इजरायल और वास्तव में पूरा मध्य पूर्व अस्तित्व में नहीं होता। कोई यह बात कहना नहीं चाहता, लेकिन हर कोई जानता है कि यह सच है।"
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ट्रंप का दावा
ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देना चाहिए। उनका तर्क है कि अगर तेहरान परमाणु हथियार विकसित कर लेता, तो इससे इजरायल और पूरे मध्य पूर्व की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। इससे पहले भी ट्रंप कई मौकों पर दावा कर चुके हैं कि उनके फैसलों और अमेरिकी कार्रवाई के कारण इजरायल को ईरान के परमाणु खतरे से बचाया जा सका। हालांकि, ताजा बयान में भी उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई नया सबूत या विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
ईरान पर सख्त रुख बरकरारईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ट्रंप प्रशासन का रुख लगातार सख्त बना हुआ है। 5 नवंबर को भी ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा कोई कदम अमेरिका की मंजूरी के बिना नहीं उठा सकता। उन्होंने यह भी दोहराया था कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।
