Donald Trump Health Update: पश्चिम एशिया में ईरान के साथ युद्ध लड़ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में ट्रंप मंगलवार को अपने दूसरे कार्यकाल में चौथी बार मेडिकल चेकअप करा रहे हैं। ट्रंप अगले महीने 80 साल के होने वाले हैं और इससे पहले उनके मेडकिल चेकअप को लेकर चौतफा चर्चा हो रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
कहां होगा मेडिकल चेकअप
व्हाइट हाउस ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि ट्रंप 26 मई को वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में अपना वार्षिक मेडिकल और डेंटल चेकअप कराएंगे। 14 जून को 80 साल के होने वाले ट्रंप अमेरिकी इतिहास में राष्ट्रपति पद के लिए चुने जाने वाले सबसे उम्रदराज नेता हैं।
ट्रंप के हाथों पर दिखे चोट के निशान
यूएसए टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दिनों में ट्रंप के हाथों पर चोट के निशान, पैरों के निचले हिस्से में सूजन देखे जाने के बाद उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, ट्रंप और उनके डॉक्टरों का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
4 मई को व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा था, ''मैं खुद को वैसा ही महसूस करता हूं जैसा 50 साल पहले करता था। मैं सीनियर नहीं हूं, बल्कि सीनियर से कहीं ज्यादा युवा महसूस करता हूं।''
ट्रंप के हाथों पर कैसे पड़े निशान?
ट्रंप ने अपने हाथों पर पड़े निशान के लिए 'एस्पिरिन' के अत्यधिक इस्तेमाल को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने बताया था कि वह डॉक्टर की सलाह से ज्यादा एस्पिरिन लेते हैं। एस्पिरिन खून को पतला कर ब्लह क्लॉट बनने से रोकने में मदद करती है।
ट्रंप के डॉक्टर सीन बार्बाबेला ने पिछले साल व्हाइट हाउस द्वारा जारी पत्र में बताया था कि उनके पैरों में सूजन 'क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी' नामक सामान्य और गंभीर न मानी जाने वाली स्थिति के कारण है, जो 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में आम होती है।
