Donald Trump Defends Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेनसन हुआंग (Jensen Huang) के एक चीनी महिला जासूस के साथ कथित संबंधों और चीनी इंटेलिजेंस के 'हनीट्रैप' (Honeytrap) नेटवर्क के निशाने पर आने की खबरों ने वैश्विक टेक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
चीनी 'हनीट्रैप' और जासूसी विवाद में फंसे एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग, बचाव में उतरे डोनाल्ड ट्रंप, बोले-'वे एक सम्मानित इंसान'
इस विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एनवीडिया प्रमुख के बचाव में खुलकर सामने आए हैं। ट्रंप ने जेनसन हुआंग को एक 'सम्मानित व्यक्ति' बताते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका के लिए अद्भुत काम किया है और उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने का पूरा मौका मिलना चाहिए।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हालांकि उन्होंने इस विवाद को लेकर सीधे जेन्सेन हुआंग से बात नहीं की है, लेकिन वे उन्हें एक बेहतरीन व्यक्ति मानते हैं।
उन्होंने कहा, 'मैंने उनसे इस मुद्दे पर बात नहीं की है। मैं बस इतना जानता हूं कि वे एक बेहतरीन इंसान हैं। उन्होंने देश के लिए बहुत शानदार काम किया है। मुझे लगता है कि वे एक सम्मानित व्यक्ति हैं और निश्चित रूप से उनके पास अपनी बात रखने का कोई न कोई स्पष्टीकरण होगा, जिसे सुना जाना चाहिए।'
जब राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या वे चाहते हैं कि जेन्सेन हुआंग दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी के सीईओ बने रहें, तो ट्रंप ने सहमति जताते हुए कहा, 'हां, मुझे ऐसा ही लगता है। बिल्कुल।'
एनवीडिया (NVIDIA) बोर्ड की स्वतंत्र जांच शुरू
एनवीडिया ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हुआंग को कथित तौर पर 'एक विदेशी खुफिया एजेंसी द्वारा निशाना बनाए जाने' की खबरों की जांच शुरू करने का फैसला किया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने रविवार को यह जानकारी दी।
समाचार पत्र ’द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, जेनसन हुआंग ने कंपनी के निदेशक मंडल के समक्ष स्वीकार किया कि उनके एक महिला कारोबारी अधिकारी के साथ अंतरंग संबंध थे और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि वह चीन के लिए सूचनाएं जुटा रही थीं। जेनसन हुआंग के इस स्वीकारोक्ति के बाद कंपनी ने जांच की घोषणा की।
समाचार पत्र के अनुसार, जेनसन हुआंग ने कंपनी को भेजे एक संदेश में माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे इस कृत्य से उन्हें और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है। मैंने जो किया, उसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। मुझे इसका गहरा अफसोस है।' एनवीडिया के निदेशक मंडल ने एक बयान में कहा कि उसके पास 'यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से कोई समझौता हुआ है' लेकिन जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की जाएगी।
