Diwali in US: भारतीय संस्कृति और प्रकाश के पर्व दीपावली की दुनियाभर में लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। खास तौर से अमेरिका में दिवाली की अलग ही धूम मची होती है। अमेरिका के कई शहरों और राज्यों में इसे आधिकारिक मान्यता मिल चुकी है।अमेरिका के मशहूर शहर न्यूयॉर्क सिटी में दिवाली बहुत ही धूमधाम से मनाई जाती है। यहां 2023 से दिवाली को आधिकारिक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा ने यह ऐतिहासिक फैसला लिया, जिससे पहली बार किसी अमेरिकी शहर में दिवाली को सरकारी छुट्टी के रूप में मान्यता मिली।
दीपावली की दुनियाभर में लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है (फोटो:istock)
इसके अलावा, न्यू जर्सी के कई जिलों, जैसे एडिसन, साउथ ब्रंसविक और जर्सी सिटी, ने भी स्कूलों में दिवाली की छुट्टी को मान्यता दी है। यहां ज्यादा संख्या में भारतीय समुदाय की उपस्थिति की वजह से दिवाली के अवसर पर दीप जलाने और आतिशबाजी जैसे कार्यक्रम का आयोजन भी होता है।
वहीं कैलिफोर्निया में भी दिवाली को लेकर उत्साह देखने लायक होता है। सैन फ्रांसिस्को, लॉस एंजिलिस, और सैन होजे में हर साल दिवाली के मौके पर 'फेस्टिवल ऑफ लाइट्स' नाम से बड़े सार्वजनिक समारोह का आयोजन होता है। हालांकि यहां दिवाली को अभी तक आधिकारिक अवकाश नहीं मिला है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और सिटी काउंसिल भारतीय समुदाय के साथ मिलकर इसे सांस्कृतिक त्योहार के रूप में मनाती हैं।
टेक्सास के ह्यूस्टन और डलास, इलिनॉय के शिकागो, और जॉर्जिया के अटलांटा में भी दिवाली का उत्सव बेहद लोकप्रिय है। इन शहरों में इंडियन अमेरिकन कम्युनिटी हर साल मंदिरों और कम्युनिटी सेंटर्स में भव्य दीवाली मेले, संगीत कार्यक्रम और लाइट शो का आयोजन करती है।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में भी पिछले कुछ सालों से व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा शुरू की गई। वहीं ब्रिटेन के शाही परिवार और प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने सोमवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं वहीं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने वार्षिक दिवाली उत्सव से जुड़े समावेशिता और स्थिरता के संदेश पर प्रकाश डाला। बकिंघम पैलेस की ओर से जारी संदेश में कहा गया है, 'ब्रिटेन और विश्व भर में प्रकाश पर्व मना रहे सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं।'
यह संदेश बकिंघम पैलेस के सभी सोशल मीडिया खातों से साझा किया गया।प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने भी सोशल मीडिया पर “ब्रिटेन के हिंदुओं, जैन और सिख समुदाय के लोगों को दिवाली तथा बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं दीं।' लंदन के ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में पिछले सप्ताह दिवाली उत्सव का आयोजन किया गया था और उस समय स्टॉर्मर गाजा शांति शिखर सम्मेलन के लिए मिस्र में थे। अपने इस उत्सवी पोस्ट में उन्होंने इस महीने की शुरुआत में अपनी मुंबई यात्रा का ज़िक्र किया।
