बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच एक बार फिर बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार रात (16 नवंबर) राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो जगह क्रूड बम धमाके हुए। इन घटनाओं में तीन राहगीर घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पहला धमाका हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा ब्लास्ट उत्तरा के जसीमुद्दीन इलाके में हुआ।
शेख हसीना (फाइल फोटो)
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने फ्लाईओवर से क्रूड बम फेंके थे। धमाकों में घायल तीनों राहगीरों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। किसी संगठन ने भी इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
दोनों जगह क्रूड बम फेंके गए
रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार रात एयरपोर्ट के बाहरी गेट और उत्तरा के जसीमुद्दीन इलाके को निशाना बनाया गया। दोनों जगह क्रूड बम फेंके गए। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने फ्लाईओवर का इस्तेमाल किया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।
हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से तनावपूर्ण
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से तनावपूर्ण है। उनके अगले महीने देश लौटने की अटकलों के बीच पिछले कुछ दिनों में हिंसा और आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं। बसों, ट्रेनों और बैंकों को आग के हवाले किए जाने के साथ अलग-अलग जगहों पर क्रूड बम धमाकों की खबरें भी आई हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत की ओर से शर्तें रखे जाने की खबर की खारिज
पुलिस ने कुछ घटनाओं के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, ढाका एयरपोर्ट के पास हुए ताजा धमाकों के पीछे किसका हाथ है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। इन घटनाओं का शेख हसीना की संभावित वापसी से सीधा संबंध होने का भी कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।
धमाकों की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी
राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास धमाकों की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में सार्वजनिक परिवहन और वित्तीय संस्थानों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बीच एयरपोर्ट के पास हुए इन ब्लास्ट को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। फिलहाल जांच का मुख्य फोकस हमलावरों की पहचान, धमाकों के पीछे की वजह और संभावित साजिश का पता लगाना है।
