COP31 Antalya Summit Failure: तुर्किये के खूबसूरत तटीय शहर अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र का वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (COP31) बिना किसी व्यापक मुख्य समझौते के समाप्त हो गया। दो सप्ताह तक चलने वाली यह वार्ता तय समय से दो दिन अतिरिक्त खिंची, लेकिन लगभग 200 देशों के बीच आम सहमति नहीं बन सकी।
COP31 बिना समझौते के खत्म, जलवायु परिवर्तन पर दुनिया क्यों नहीं हो पा रही एकजुट?
संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ता के इतिहास में यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2000 में नीदरलैंड के हेग (The Hague) में आयोजित जलवायु सम्मेलन इसी तरह बिना किसी समझौते के विफल रहा था। यह गतिरोध ऐसे समय में आया है जब दुनिया का तापमान औद्योगिक युग से पहले के स्तर की तुलना में 1.5 डिग्री सेल्सियस की खतरनाक सीमा को पार करने की कगार पर है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की हालिया रिपोर्ट चेतावनी देती है कि यदि मौजूदा नीतियां ही जारी रहीं, तो इस सदी के अंत तक वैश्विक तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
आइए आसान भाषा में और हर एक पहलू के साथ समझते हैं कि आखिर अंताल्या में बात क्यों बिगड़ी, किन मुद्दों पर दुनिया दो धड़ों में बंट गई और भारत ने क्या सख्त रुख अपनाया:
सबसे बड़ा विवाद: 'जीवाश्म ईंधन' का नाम तक गायब
वैश्विक तापमान बढ़ने का सबसे मुख्य कारण कोयला, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधन हैं, लेकिन तुर्किये और ऑस्ट्रेलिया के संयुक्त नेतृत्व में तैयार किए गए अंतिम मसौदे में 'जीवाश्म ईंधन' शब्द का कहीं भी जिक्र नहीं था।
शब्दावली का खेल: 2021 के ग्लासगो सम्मेलन में कोयले के उपयोग को कम करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद 2023 में दुबई (COP28) में हुए ऐतिहासिक 'UAE समझौते' में पहली बार ऊर्जा प्रणालियों में जीवाश्म ईंधन से दूर जाने का आह्वान किया गया था, हालांकि इसमें कोई समयसीमा तय नहीं थी। अंताल्या के पहले मसौदे में जीवाश्म ईंधन को चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह खत्म करने की गति तेज करने की बात थी, जिसे बाद में हटा दिया गया और सिर्फ दुबई समझौते का संदर्भ दे दिया गया।
किसने किया विरोध और किसने रोका: 130 से अधिक देश 'ट्रांजिशन अवे' को स्पष्ट रूप से दोहराने के पक्ष में थे, लेकिन सऊदी अरब और रूस जैसे तेल-गैस उत्पादक देशों ने तेल, गैस और कोयले पर किसी भी सख्त भाषा को शामिल करने का कड़ा विरोध किया।
यूरोपीय संघ का कड़ा रुख: 27 देशों वाले यूरोपीय संघ (EU) ने इस अंतिम प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। ईयू की ओर से आयरलैंड के जलवायु मंत्री डैराघ ओ'ब्रायन ने कहा, 'यह पूरी तरह अस्वीकार्य है कि हम जलवायु संबंधी ऐसा कोई कदम उठाएं या अंताल्या समझौते का समर्थन करें, जिसमें जलवायु परिवर्तन के मुख्य कारण यानी जीवाश्म ईंधन का कोई उल्लेख ही न हो।'
जलवायु वित्त: 'हम यहां भीख मांगने नहीं आए हैं'
विकासशील देशों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा 'अनुकूलन वित्त' था- यानी वह धनराशि जो गरीब और विकासशील देशों को बाढ़, सूखे और तूफान जैसी जलवायु आपदाओं से निपटने में मदद करती है।
ड्राफ्ट से गायब हुए 120 अरब डॉलर: पहले मसौदे में 2035 तक विकासशील देशों को हर साल 120 अरब डॉलर देने का जिक्र था, लेकिन दूसरे मसौदे में इस आंकड़े को हटा दिया गया और फिर कभी वापस नहीं जोड़ा गया। इस पर घाना की पर्यावरण मंत्री जेनेटर अग्येमान-रॉलिंग्स ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'हम यहां भीख मांगने नहीं आए हैं।'
बिना आधार का वादा: अंतिम मसौदे में पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 (जिसके तहत अमीर देशों को गरीब देशों को पैसा देना अनिवार्य है) को तो याद किया गया, लेकिन कोई नई धनराशि तय नहीं की गई। पिछले साल की तरह 2035 तक फंडिंग को तीन गुना करने की बात दोहराई गई, लेकिन यह नहीं बताया गया कि किस आधार से तीन गुना किया जाएगा (इसके लिए अगले साल तक विकल्प मांगे गए हैं)। यह तब है जब खुद UNEP का अनुमान है कि विकासशील देशों को 2035 तक सालाना 305 अरब डॉलर की जरूरत है। इसके अलावा कम उत्सर्जन वाले विकास के लिए वैश्विक वित्त प्रवाह को जोड़ने वाले पेरिस समझौते के अनुच्छेद 2.1(c) का संदर्भ भी हटा दिया गया।
भारत ने कहा- ऐतिहासिक जिम्मेदारी से बच रहे हैं अमीर देश
भारत की आपत्ति: 'ऐतिहासिक जिम्मेदारी से बच रहे हैं अमीर देश'
समान सोच वाले विकासशील देशों (LMDC) के समूह का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत ने अंतिम पूर्ण सत्र में मसौदे पर कड़ी आपत्ति जताई।
भारत का सीधा सवाल: भारत ने कहा कि वार्ता के दौरान जलवायु वित्त के मुद्दे पर चर्चा करने से ही इनकार कर दिया गया और इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। भारत ने आरोप लगाया कि मसौदे में समानता (Equity) और 'साझा लेकिन अलग-अलग जिम्मेदारियों और संबंधित क्षमताओं' (CBDR-RC) के सिद्धांत को कमजोर किया गया है।
कार्बन बजट किसने खत्म किया?: मसौदे में यह तो माना गया कि 1.5°C तापमान सीमा के लिए उपलब्ध वैश्विक कार्बन बजट का कम से कम चार-पांचवां (80%) हिस्सा ऐतिहासिक कार्बन उत्सर्जन से खत्म हो चुका है, लेकिन यह नहीं लिखा गया कि यह उत्सर्जन किसने किया था। इस पर भारतीय प्रतिनिधि ने तीखा सवाल पूछा- 'किसके उत्सर्जन ने-अतीत और वर्तमान दोनों में-वैश्विक कार्बन बजट को खत्म किया है?' भारत ने कहा कि अमीर देशों की ऐतिहासिक जिम्मेदारी को धुंधला करने की कोशिश की जा रही है।
नए वैश्विक लक्ष्य, विज्ञान और पारदर्शिता पर भी उठा विवाद
ऊर्जा के दो नए लक्ष्य: अंतिम मसौदे में ऊर्जा से जुड़े दो नए मात्रात्मक लक्ष्य रखे गए थे- पहला, 2035 तक अंतिम ऊर्जा उपयोग में बिजली की हिस्सेदारी बढ़ाकर 35% करना; और दूसरा, 2035 तक 'कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज' (CCUS) तकनीक को गीगाटन स्तर तक ले जाना। LMDC समूह ने कहा कि इन नए लक्ष्यों में भी विकासशील देशों के साथ न्याय और समानता का ध्यान नहीं रखा गया, जबकि पनामा की मुख्य वार्ताकार एना अगुइलर ने कहा कि मसौदे में कार्बन कैप्चर तकनीक पर जरूरत से ज्यादा जोर दिया गया है।
IPCC और व्यापार पर कमजोर भाषा: संयुक्त राष्ट्र के विज्ञान पैनल (IPCC) की अगली यानी सातवीं आकलन रिपोर्ट की समयसीमा को खुला छोड़ दिया गया। साथ ही, कई देशों ने शिकायत की कि तुर्किये और ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्षता में ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी थी। सीमा-पार प्रभाव डालने वाले व्यापारिक उपायों (जैसे कार्बन टैक्स) पर भी भाषा को बेहद कमजोर कर दिया गया।
वार्ता टूटने के बाद संयुक्त राष्ट्र और भारत ने क्या कहा?
UN जलवायु प्रमुख साइमन स्टील की चेतावनी: संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा अभिसमय (UNFCCC) के कार्यकारी सचिव साइमन स्टील ने समापन भाषण में गहरी निराशा जताते हुए कहा, 'दुनिया इस तरह की स्थिति दोबारा बर्दाश्त नहीं कर सकती। हमारी प्रक्रिया लगभग 200 देशों को एक साथ लाने के लिए बनाई गई है और पिछले एक दशक में हमने बार-बार देखा है कि इससे परिणाम मिलते हैं।'
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का संदेश: भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत ने अंतिम क्षण तक रचनात्मक भूमिका निभाई और आम सहमति न बन पाने का हमें खेद है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'अंतिम समझौता नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि जलवायु कार्रवाई रुक जाएगी। भारत घरेलू स्तर पर लगातार प्रयास कर रहा है। देश में सौर ऊर्जा क्षमता 170 गीगावाट से अधिक हो गई है और भारत अगले सम्मेलन (COP32) की दिशा में आम सहमति आधारित बहुपक्षवाद के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।'
