हंगरी में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस खाई में गिर गई। पुलिस ने बताया कि हादसे की शिकार हुई बस पोलैंड में रजिस्टर्ड है। इस हादसे में बस में सवार 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा राजधानी बुडापेस्ट से करीब 140 किलोमीटर पूर्व में मेज़ोकेरेस्तेस (Mezőkeresztes) शहर के आस पास रविवार रात करीब एक बजे हुआ।
हंगरी में भीषण बस हादसा (फाइल फोटो)
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस पूर्व दिशा में न्यीरेग्यहाज़ा (Nyíregyháza) की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक हाईवे के एक सीधे हिस्से से सड़क से बाहर निकल गई, खाई में जा गिरी और पलट गई। बस में कुल 59 लोग सवार थे, जिनमें 57 यात्री और दो चालक शामिल थे। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर और उसके नीचे फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाना पड़ा। इस भीषण हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
क्या चालक को झपकी आने से हुआ हादसा?
अभी तक दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के आधार पर हंगरी पुलिस का दावा है कि बस चालक को गाड़ी चलाते समय संभवतः झपकी आ गई थी, जिसके कारण बस सड़क से बाहर निकल गई और पलट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कौन थे बस में सवार यात्री?
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री पोलैंड के नागरिक थे। वे बोस्निया और हर्जेगोविना में धार्मिक तीर्थयात्रा पूरी करने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद हंगरी की आपातकालीन सेवाओं, दमकलकर्मियों और अन्य बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पोलिश प्रशासन भी अपने नागरिकों से जुड़े इस हादसे को लेकर हंगरी के अधिकारियों के संपर्क में है। पोलिश विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैसीज वेवियर ने रविवार को पोलिश समाचार एजेंसी पीएपी को बताया कि बस में सवार सभी लोग पोलिश नागरिक थे। पोलैंड के रेजोव की क्षेत्रीय सरकार ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि बस में पोलैंड के दक्षिण-पूर्वी पोडकार्पैकी क्षेत्र के लोग सवार थे जो बोस्निया-हर्ज़ेगोविना में तीर्थयात्रा से लौट रहे थे।
इस हादसे को लेकर हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मजार, पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। साथ ही पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।
