दुनिया

Pakistan: कराची एयरपोर्ट के पास हुए धमाके में किसका था हाथ? रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

Karachi Airport Explosion: पाकिस्तान के सबसे व्यस्त कराची हवाई अड्डे के नजदीक हुए हालिया धामाके को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। आतंकवाद निरोधी विभाग (CTD) ने आतंकवाद निरोधी अदालत को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट में संकेत मिला है कि यह हमला किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की सहायता से किया गया था।

Image

कराची एयरपोर्ट ब्लास्ट

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • एयरपोर्ट के पास हुआ था आत्मघाती हमला।
  • आत्मघाती हमले में मारे गए दो चीनी नागरिक।
  • हमले के लिए BLA को ठहराया गया जिम्मेदार।

Karachi Airport Explosion: पाकिस्तान के सबसे व्यस्त कराची हवाई अड्डे के नजदीक हुए हालिया धामाके की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में संकेत मिला है कि यह हमला किसी विदेशी खुफिया एजेंसी की सहायता से किया गया था।

अदालत को सौंपी गई प्रारंभिक रिपोर्ट

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, आतंकवाद निरोधी विभाग (CTD) द्वारा आतंकवाद निरोधी अदालत को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि आत्मघाती बम धमाके के जरिये पाकिस्तान-चीन संबंधों को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत चीनी इंजीनियरों को निशाना बनाया गया।

गत रविवार को बलूच विद्रोही समूह द्वारा चीनी श्रमिकों के काफिले को निशाना बनाकर किये गए आत्मघाती हमले में दो चीनी नागरिक मारे गए थे और 17 अन्य लोग घायल हो गए थे। जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट रविवार रात को हुए विस्फोट में संदिग्ध आत्मघाती हमलावर भी मारा गया।

BLA को ठहराया गया जिम्मेदार

ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, प्रारंभिक रिपोर्ट में इस हमले के लिए बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) को जिम्मेदार ठहराया गया है। साथ ही संकेत दिया है कि यह हमला एक विदेशी खुफिया एजेंसी की सहायता से किया गया।

खबर में कहा गया है कि यह संकेत मिलता है कि किसी अज्ञात आतंकवादी ने विस्फोटक लगाने से पहले अपना वाहन चीनी नागरिकों के काफिले के पास खड़ा किया था।

विस्फोट की आवाज सुनकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वहां पुलिस और रेंजर्स कर्मियों सहित कई लोग घायल अवस्था में मिले। चीनी नागरिक शहर के बाहरी इलाके में पोर्ट कासिम इलेक्ट्रिक पावर कंपनी में काम कर रहे थे और जब उनके काफिले पर हमला हुआ तब वे घर लौट रहे थे।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article