दुनिया

Explosion Near Karachi Airport: पाकिस्तान में कराची एयरपोर्ट के पास बड़ा धमाका, तीन विदेशी नागरिकों की मौत, 17 घायल

सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर ने जियो न्यूज से बात करते हुए कहा कि विस्फोट एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से अंजाम दिया गया, जिसमें एक विदेशी भी घायल हो गया।

Image

कराची एयरपोर्ट के पास धमाका

Explosion Near Karachi Airport: पाकिस्तान में कराची एयरपोर्ट के पास धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। पाकिस्तान के जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कराची के जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक बड़े विस्फोट में कम से कम तीन विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए। कहा जा रहा है कि पाकिस्तानी अलगाववादी आतंकवादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

आईईडी से अंजाम दिया गया

सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर ने जियो न्यूज से बात करते हुए कहा कि विस्फोट एक संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से अंजाम दिया गया, जिसमें एक विदेशी भी घायल हो गया। शुरुआती समाचार रिपोर्ट्स के अनुसार, शहर भर के निवासियों ने विस्फोट की आवाज सुनी और क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता देखा। विस्फोट में घायल हुए लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हवाई अड्डे के पास वाहनों में आग लगी

टेलीविजन फुटेज में क्षेत्र से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है, और विस्फोट स्थल के पास सड़क पर बड़ी आग दिखाई दे रही है। विस्फोट की आवाज उत्तरी नाजिमाबाद और करीमाबाद सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में सुनी गई। विस्फोट से आग फैल गई और हवाई अड्डे के पास कुछ वाहनों में आग लग गई। यह क्षेत्र आमतौर पर वीआईपी प्रोटोकॉल वाहनों द्वारा उपयोग किया जाता है। घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य पत्रकार ने बताया कि विस्फोट हवाईअड्डे से बाहर जाने वाली सड़क पर हुआ। अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।

आतंकी हमले में 8 की मौत

बता दें कि पाकिस्तान में 6 अक्टूबर को आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। जिसमें 8 जवानों की मौत हो गई है और 2 घायल हो गए हैं। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने हमला किया। रविवार को आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों के वाहन पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम आठ पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और दो घायल हो गए। सूत्रों ने यह जानकारी दी। आतंकवादियों ने अफगानिस्तान की सीमा से लगे कबिलाई जिले कुर्रम में वाहन पर घात लगाकर हमला किया। सूत्रों के अनुसार, हमले में आठ कानून प्रवर्तन अधिकारी मारे गए तथा दो घायल हो गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article