बांग्लादेश में अभी सरकार बनी भी नहीं और तनातनी शुरू हो गई, जमात-ए-इस्लामी के सांसदों ने नहीं ली शपथ
- Edited by: शिशुपाल कुमार
- Updated Feb 17, 2026, 01:46 PM IST
बांग्लादेश में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण होने वाला है। सांसद शपथ ले चुके हैं और शाम में प्रधानमंत्री के तौर पर तारिक रहमान शपथ लेंगे। तारिक रहमान के शपथ से पहले ही एक नए विवाद ने देश में अस्थिरता की ओर इशारा कर दिया है।
तारिक रहमान और मुहम्मद यूनुस (फोटो- Tarique Rahman)
बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत हुई है, तारिक रहमान आज पीएम पद की शपथ लेने वाले हैं, मतलब अभी तक सरकार नहीं बनी है, लेकिन देश की राजनीति एक बार फिर से अस्थिरता की और जाती दिख रही है। जमात-ए-इस्लामी के सांसदों ने शपथ लेने से इंकार कर दिया है, वजह है वो जनमत संग्रह, जो आम चुनाव के साथ-साथ बांग्लादेश में कराए गए हैं।
क्या है विवाद
बांग्लादेश के चुनाव में विजयी हुई बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के ’संविधान सुधार परिषद’ के सदस्य के रूप में शपथ लेने से इनकार करने के बाद दक्षिणपंथी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के नव निर्वाचित संसद सदस्यों ने मंगलवार को शपथ लेने से मना कर दिया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त एएमएम नसीरुद्दीन ने संसद भवन (जातीय संसद भवन) में बीएनपी सांसदों को पद की शपथ दिलाई। इसके बाद जमात के सांसदों को शपथ लेनी थी।
जमात ने क्या कहा?
जब बीएनपी ने जनमत-संग्रह का समर्थन करने के लिए ’संविधान सुधार परिषद’ के सदस्यों के रूप में दूसरी शपथ लेने से इनकार कर दिया तो स्थिति जटिल हो गई। जमात के उपाध्यक्ष अब्दुल्ला मोहम्मद ताहिर ने कहा, ’’जब तक बीएनपी के सांसद नियमित संसद सदस्यों के साथ ही ’संविधान सुधार परिषद’ के सदस्यों के रूप में शपथ नहीं लेते, हम संसद सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण नहीं करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का मानना है कि संवैधानिक सुधारों के बिना संसद बेकार है।
'जुलाई चार्टर’ में क्या-क्या?
’संविधान सुधार परिषद’ के सदस्य के रूप में दूसरी शपथ तथाकथित 'जुलाई चार्टर’ को लागू करने की प्रतिबद्धता से जुड़ी है, जिसमें संविधान में व्यापक संशोधन का प्रस्ताव रखा गया है। जनमत-संग्रह में 84 सूत्री जटिल प्रस्ताव रखा गया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, जनमत-संग्रह में 60 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने ’हां’ में मतदान किया।
बीएनपी ने क्या कहा
बीएनपी की नीति-निर्धारण स्थायी समिति के सदस्य और नवनिर्वाचित सांसद सलाहुद्दीन अहमद ने शपथ ग्रहण से पहले पार्टी सांसदों से कहा कि उन्हें संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में निर्वाचित नहीं किया गया है और अभी तक परिषद से संबंधित कोई प्रावधान संविधान में शामिल नहीं किया गया है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान की मौजूदगी में उन्होंने कहा, "हममें से कोई भी दूसरी शपथ नहीं लेगा।"
