Australia Polls: ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर से एंथनी अल्बानीज का परचम लहराया। फेडरल चुनाव में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज लगातार दूसरी बार चुनाव जीत गए और उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। विपक्षी नेता पीटर डटर, जो पूर्व जासूस हैं, ने शनिवार को चुनावी शिकस्त स्वीकार की और कहा कि इस अभियान के दौरान हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। आज रात यह स्पष्ट हो गया और मैं इसके लिए पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं।
उन्होंने कहा कि इससे पहले, मैंने प्रधानमंत्री को उनकी सफलता पर बधाई देने के लिए आज फोन किया। यह लेबर पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के 21 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई प्रधानमंत्री दूसरी बार चुना गया है।
PM मोदी ने अल्बानीज को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एंथनी अल्बनीज को उनकी शानदार जीत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के लिए अल्बनीज के साथ काम करने को उत्सुक हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एंथनी अल्बनीज को शानदार जीत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के रूप में पुनः निर्वाचित होने पर बधाई! यह शानदार जनादेश आपके नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई लोगों के स्थायी विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ''मैं भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं।''
