Earthquake in USA: अमेरिका में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में भूकंप के झटके लगे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार लॉस एंजिलिस में 4.7 की तीव्रता का भूकंप आया है।
कहां था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने मालिबू से सात किलोमीटर उत्तर में केंद्रित 4.7 तीव्रता के भूकंप की जानकारी दी। यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप का केंद्र जमीन से 11 किलीमीटर नीचे था। ऑरेंज काउंटी में 72 किलोमीटर दूर तक झटके महसूस किए गए।
भूकंप से कितना नुकसान
कैलिफोर्निया के ‘गवर्नर ऑफिस ऑफ इमरजेंसी सर्विसेज’ ने बताया कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह के नुकसान का पता लगाया जा रहा है। इस साल इस क्षेत्र में कई भूकंप आए हैं। अगस्त में लॉस एंजिलिस क्षेत्र से लेकर सैन डिएगो तक 4.4 तीव्रता के भूकंप महसूस किए गए थे।
आग से जूझ रहा लॉस एंजिलिस
कुछ निवासियों ने कहा कि उन्हें राज्य की भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली द्वारा सतर्क किया गया था। भूकंप ऐसे समय में आया है जब यह क्षेत्र लॉस एंजिल्स के पूर्व में लगी तीन बड़ी जंगली आग से जूझ रहा है, जिसने दर्जनों घरों को जला दिया और हजारों लोगों को घर खाली करने पर मजबूर कर दिया। यह आग भीषण गर्मी की लहर के दौरान भड़की थी, जो अभी-अभी कम हुई है।
