Nigeria Air Strike: नाइजीरिया ने हथियारबंद समूह को निशाना बनाने के लिए एयर स्ट्राइक की, लेकिन इस हमले में हुई चूक की वजह से 10 असैन्य नागरिकों की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
नाइजीरियाई रक्षा प्रवक्ता एडवर्ड बूबा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि क्रिसमस के दिन सोकोतो राज्य के सिलामे इलाके में लकुरावा चरमपंथी समूह के अड्डे को निशाना बनाकर किए गए वायुसेना के हमले में ग्रामीणों की मौत हो गई।
गुरुवार को सोकोतो राज्य की सरकार ने कहा था कि इलाके से चरमपंथियों को खदेड़ने के प्रयास के तहत वायुसेना ने बुधवार तड़के गलती से ग्रामीणों पर बम गिरा दिए। हालांकि, एडवर्ड बूबा ने शुक्रवार को कहा कि लकुरावा चरमपंथियों पर प्रत्यक्ष रूप से हमला किया गया और आम लोगों की मौत हमले के बाद हुए 'दूसरे विस्फोटों' के कारण हुई।
लगातार बिगड़ रहे हालात
लकुरावा विद्रोही समूह ने अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश में तख्तापलट की लहर के बाद घुसपैठ करना शुरू कर दिया। देश में नागरिकों पर हवाई हमले अक्सर होते रहते हैं। पिछले साल उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में सेना से हुई चूक की वजह से 85 नागरिक मारे गए थे। दरअसल, एक धार्मिक सभा को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए गए थे।
लागोस स्थित एसबीएम इंटेलिजेंस सुरक्षा फर्म के मुताबिक, 2017 से अबतक सेना की ओर से किए गए आकस्मिक हमलों में लगभग 400 नागरिकों की मौत हुई है।
