अफगानिस्तान की सत्ता में आने के बाद तालिबान, पाकिस्तान को झटके पर झटका दे रहा है। जिस तालिबान को पाकिस्तान, भारत के खिलाफ खड़ा कर रहा था, उसी तालिबान से पाकिस्तान की दुश्मनी हो गई है। पाकिस्तान पहले ही लाखों अफगान नागरिकों को अपने देश से भगा चुका है। अब तालिबान पाकिस्तान को प्यासा मारने की तैयारी में है।
किस नदी पर बांध
तालिबान, अफगानिस्तान में उस नदी पर बांध बनाने की तैयारी कर रहा है, जो पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से की प्यास बुझाती है। तालिबान कुनार नदी पर बांध बनाने जा रहा है। 480 किलोमीटर लंबी कुनार नदी पूर्वोत्तर अफगानिस्तान में हिंदू कुश पहाड़ों से निकलती है और पाकिस्तान में बहने से पहले काबुल नदी में विलीन हो जाती है।
पाकिस्तान को क्या है खतरा
अफगानिस्तान की नदियां पाकिस्तान के लिए ताजे पानी का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं। लेकिन दोनों पड़ोसियों ने कभी भी द्विपक्षीय जल-बंटवारा समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। आरएफई/आरएल की रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख नदियों पर बांध बनाने की काबुल की योजना पर विवाद, जिससे पाकिस्तान में पानी का प्रवाह कम हो जाएगा, दोनों देशों के बीच तनाव और संघर्ष का स्रोत बनने का खतरा है।
पाकिस्तान की धमकी
पाकिस्तान के एक प्रांतीय मंत्री ने कहा कि तालिबान के बांध बनाने का एकतरफा निर्णय पाकिस्तान के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्रवाई मानी जाएगी। आरएफई/आरएल की रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत के प्रांतीय सूचना मंत्री जान अचकजई ने बढ़ते तनाव और संभावित संघर्ष सहित गंभीर परिणामों की चेतावनी दी।
