दुनिया

France: ये कैसा बाप? अपने ही 9 साल के बेटे को 2 साल से गाड़ी में कर रखा था कैद, नग्न अवस्था में पड़ा मिला

France: फ्रांस में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 9 साल के बच्चे को उसके ही पिता की वैन में लगभग दो साल तक बंद रखे जाने के बाद पुलिस ने रेस्क्यू किया।

Image

फ्रांस के इसी इलाके में वैन में कैद था 9 साल का बच्चा (फोटो- AP)

France: फ्रांस में एक ऐसे 9 साल के बच्चे को रेस्क्यू किया गया है, जो 2024 से एक गाड़ी में कैद था। कैद करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसके पिता ने ही उसे गाड़ी में बंद किया था। फिलहाल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस को कैसे मिली सूचना?

यह मामला पूर्वी फ्रांस के Hagenbach गांव का है, जो स्विट्जरलैंड और जर्मनी की सीमाओं के पास स्थित है। स्थानीय अभियोजक निकोलस हेट्ज के अनुसार, पुलिस को सोमवार को एक पड़ोसी ने सूचना दी थी कि एक वैन के अंदर से बच्चे जैसी आवाजें आ रही हैं। जब पुलिस ने वैन को जबरन खोला, तो अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। बच्चा भ्रूण जैसी मुद्रा (फीटल पोजिशन) में नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके ऊपर एक कंबल था और वह कचरे के ढेर तथा गंदगी के पास पड़ा मिला। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे रहने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया था और स्पष्ट रूप से कुपोषण का शिकार था।

पिता ने बच्चे को क्यों किया था कैद?

जांच के दौरान बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया कि उसने नवंबर 2024 में अपने बेटे को वैन में इसलिए बंद कर दिया था, क्योंकि उसकी साथी (पार्टनर) बच्चे को मानसिक अस्पताल भेजना चाहती थी और वह उसे “बचाना” चाहता था। हालांकि अभियोजक के अनुसार, बच्चे के किसी मानसिक बीमारी का कोई मेडिकल रिकॉर्ड नहीं मिला है। वह स्कूल में अच्छे अंक लाता था और सामान्य जीवन जी रहा था। बच्चे ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसे अपने पिता की पार्टनर के साथ गंभीर समस्याएं थीं और उसे लगता था कि उसके पिता के पास उसे बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उसने यह भी बताया कि उसने 2024 के बाद से कभी स्नान नहीं किया था।

पिता पर कौन-कौन से आरोप?

इस घटना के बाद पिता पर अपहरण सहित कई प्रारंभिक आरोप लगाए गए हैं और उसे हिरासत में रखा गया है। वहीं पिता की पार्टनर ने यह दावा किया है कि उसे बच्चे के वैन में होने की जानकारी नहीं थी। उस पर भी एक नाबालिग की मदद न करने का आरोप लगाया गया है, लेकिन फिलहाल उसे न्यायिक निगरानी में रिहा कर दिया गया है। मामले के सामने आने के बाद बच्चे की 12 साल की बहन और पिता की पार्टनर की 10 साल की बेटी को सामाजिक सेवाओं की देखरेख में भेज दिया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या किसी अन्य व्यक्ति को भी बच्चे के इस तरह कैद होने की जानकारी थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!